अलग-अलग दुर्घटना में पांच लोग जख्मी
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार) : कोढ़ा थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग गंभीर रू
संवाद सूत्र, गेड़ाबाड़ी (कटिहार) : कोढ़ा थाना क्षेत्र में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में पांच लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए। कोढ़ा प्रखंड क्षेत्र के गेड़ाबाड़ी बाजार स्थित फलका रोड निवासी संजय कुमार (30) पिता फुलदेव मंडल एवं महेश प्रसाद शर्मा (45) व उनकी पत्नी मंजू देवी (38) बाइक पर सवार होकर रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे के करीब बरारी क्षेत्र के काढ़ागोला घाट गंगा स्नान को जा रहे थे। इसी क्रम में क्षेत्र के फुलवड़िया के समीप विपरीत दिशा से बांस लदे टेम्पो से बाइक किनारा करने में बाइक चालक का संतुलन बिगड़ गया। जिसके कारण बाइक पर सवार तीनों लोग बुरी तरह जख्मी हो गए।
वहीं दूसरी ओर पूर्णिया जिला के कसबा गांव निवासी कृष्ण प्रसाद मंडल (45) पिता स्व. विसो मंडल कसबा से टैम्पो पर सवार होकर छठ पूजा हेतु स्नान करने बरारी के काढ़ागोला घाट जा रहे थे। इसी दौरान मार्ग किनारे आवारा कुत्ते की भौंकने व पीछा करने से टैम्पो से गिर कर जख्मी हो गए। एक अन्य घटना में कोढ़ा थाना क्षेत्र के ही फुलवड़िया गांव निवासी प्रदीप कुमार (16) पिता मुनीलाल सिंह रविवार को सुबह गंगा स्नान हेतु बाइक पर सवार होकर बरारी के काढ़ागोला घाट जाने के क्रम में ही दुर्घटनाग्रस्त हो गये। इसमें वे बुरी तरह जख्मी हो गए। सारी सड़क दुर्घटनाएं फुलवड़ियां चौक से बरारी जाने वाले पीडब्लूडी मार्ग में ही घटित हुई। सभी जख्मी को स्थानीय ग्रामीणों व इनके परिजनों की मदद से उपचार हेतु कोढ़ा पीएचसी भर्ती करवाया गया है। जहां चिकित्सकों द्वारा कसबा निवासी कृष्ण प्रसाद मंडल की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे पूर्णिया रेफर कर दिया गया है।