गुरुजी रहते फरार और एमडीएम भी ठप
= हाल उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिघलिया का
संवाद सूत्र, आजमनगर (कटिहार) : प्रखंड के आजमनगर पंचायत पिंढाल स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय दिघलिया का हाल बेहाल है। कहने को यहां सात शिक्षक हैं, लेकिन एक शिक्षक से ज्यादा उसमें नजर नहीं आते हैं। इतना ही नहीं गत एक सप्ताह से यहां एमडीएम भी ठप है। सोमवार को विद्यालय में उपस्थित शिक्षक मो. काबिल ने कहा कि शिक्षकों की उपस्थिति व अनुपस्थिति के बारे में वह कुछ नहीं बता सकते हैं। इस बाबत प्रधानाध्यापिका ही बताएगी। मध्याह्न भोजन भी एक सप्ताह से बंद है। इधर प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से लगातार संपर्क का प्रयास विफल रहा। मौजूद शिक्षक ने पूछे जाने पर बताया कि मध्याह्न भोजन में अनियमितता अथवा विद्यालय विकास मद की राशि एवम बिहार दिवस की राशि का क्या हुआ, इसका उन्हें कोई पता नहीं है। किसी भी सहायक शिक्षक को इसकी जानकारी नहीं है। प्रधानाध्यापिका ही इस बाबत में कुछ बता सकती है। इस स्थिति के चलते अब बच्चों का आना भी कम हो गया है। सिर्फ उपस्थिति पंजी में ही बच्चों को दर्शाया जाता है। विद्यालय शिक्षा समिति के सदस्यों द्वारा बताया गया कि जब से नयी समिति का गठन हुआ है, तब से विद्यालय में सदस्य एवम अभिभावक के साथ बैठक नहीं हुई हैं। जान-बूझकर प्रधानाध्यापिका किसी भी सदस्य एवं अध्यक्ष को बैठक की सूचना नहीं देती है। अध्यक्ष को भी कभी बैठक में भाग लेने का मौका नहीं मिला है। समिति सदस्यों का आरोप है कि शैक्षिक योजनाओं में गड़बड़ी के चलते स्कूल प्रधान समिति से कन्नी काट रही है।