जलस्तर में कमी से तेज हुआ कटाव, स्कूलों में शरण ले रहे विस्थापित
फोटो:- 2केएटी: 5,6,7
संवाद सूत्र, मनिहारी (कटिहार) : मनिहारी के बाघामारा पंचायत के महेशपुर दियारा क्षेत्र के सहनी टोला पर एक बार फिर कटाव का खतरा बढ़ने लगा है। गंगा के जलस्तर में आई कमी के बाद गंगा नदी पूरे रौद्र रूप में है। गंगा के कटाव से बेघर हुए प्रभावितों का फिर से एक बार पलायन जारी है। सहनी टोला के प्रभावित लोग अपने आशियाने को उजाड़ जल्द से सुरक्षित स्थान की तलाश में है। पूर्व में भी महेशपुर दियारा में बीते दिनों कटाव के कारण इब्राहिम टोला तथा सहनी टोला का कुछ अंश में पीड़ित परिवार बांधों एवं सड़क किनारे शरण लिए है। पुन: बीते दो-तीन दिनों से कटाव में आई तेजी से सहनी टोला की स्थिति ही बदल गयी है। कटाव के कारण प्रभावित लोग अपने सामानों को बाघमारा दुर्गास्थान, बांधों, मध्य विद्यालय पटनी महेशपुर बाघमारा में सुरक्षित रखकर पनाह ले रहे हैं। कटाव से विस्थापित लोगों के चेहरे कई दर्द बयां करती है। घर से बेघर होने का दर्द साफ झलक रहा है।
मनिहारी के मध्य विद्यालय पटनी महेशपुर में एक दर्जन से अधिक कटाव से विस्थापित परिवार बीते दिनों से शरण लिए हुए हैं। कटाव पीड़ित वृद्ध गिरन सिंह विद्यालय के एक कमरे में अपने नाती-पोते को ले अपनी किस्मत को कोस रहे हैं। वहीं ललिता देवी, संजो देवी भी विद्यालय के एक अन्य कमरे में बच्चों के साथ बैठी है। पूछने पर कहती है भईयां शुरू से कटाव के समय से फोटो खिंचल, सब अईलै पर अब तक कवनों सरकारी मदद नए मिलैल कहती है कि कैसे घर सामान नाव भाड़ा कर लाया गया। हम ही लोग जान रहे हैं। वहीं विद्यालय के एक छत पर संजीदा खातून घर से लाये एक बौरे में रखे सामान को निकालने में मशगूल है। वहीं व्यथा शंभू पासवान, रंजीत, शौकत रंगी, सीताराम चौधरी, योगेंद्र चौधरी, शंकर, अमर लाल, हुलास, जयतुन, हसीना, मो. नजीर, अमीर, हारो, मोमिन रंगी सहित कई की है। सभी एक दर्जन से अधिक परिवार विद्यालय में शरण लिए हुए हैं। सोमवार को विद्यालय में रह रहे परिवार के पुरुष सदस्य सहनी टोला (कटाव स्थल) के कटाव से बेघर हो रहे लोगों की मदद में गए हुए थे। विद्यालय के शिक्षक अरविंद कुमार आनंद ने बताया कि प्रभारी प्रधानाध्यापक सोमवार को अवकाश में है। बताया कि विद्यालय में बीते दिनों से महेशपुर दियारा के कटाव पीड़ित व प्रभावित परिवार शरण लिए हैं। कहा कि डेढ़ दर्जन के आसपास पीड़ित परिवार है तथा इनकी संख्या बढ़ने की भी संभावना है। कहा कि इसकी सूचना बीडीओ व प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी मनिहारी को दे दी गई है। कहा कि फिलहाल पठन-पाठन बंद है। पर विद्यालय में प्रतिनियुक्त शिक्षक-शिक्षिकाएं मौजूद रहते हैं। विद्यालय के एनपीईजीईएल का एक कमरा, सीआरसी भवन का दो कमरा तथा एक कमरा कार्यालय को छोड़ सभी कमरों में विस्थापित परिवार रह रहे हैं।