पूर्णिया में बंधक बने सुपौल के दो किशोर फलका में बरामद
संसू, फलका (कटिहार) : सुपौल जिले के पोखरा गांव से मानव तस्कर गिरोह के चंगुल में फंस कर पूर्णिया के हरदा स्थित मखाना फोड़ी भट्ठी में बंधक बना कर रखे गए दो किशोरों को फलका से बरामद किया गया है। इनके माता-पिता को दोनों को पढ़ा-लिखा कर योग्य बनाने का सपना दिखाया गया था।
बताया जाता है कि मखाना फोड़ी भट्ठी मालिक द्वारा बच्चों से श्रम कराने तथा काम न करने पर भूखे प्यासे रख उनके साथ बेरहमी से मारपीट की जाती थी। इससे परेशान दोनों भाग निकले। वहां से भटक कर वे कटिहार के फलका थाना क्षेत्र पहुंच गए। दोनों को रोते वार्ड सदस्य ने देखा। दोनों को पाच दिन तक अपने घर पर रखा। गुरुवार को वार्ड सदस्य ने इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन व मीडिया को दी।
जानकारी के अनुसार सुपौल जिले के पोखरा गाव निवासी दोनों किशोर अजय कुमार (11) और प्रदीप कुमार (10) क्रमश: बुच्चन ऋषि और अकलदेव ऋषि के पुत्र हैं। दोनों भटकर फलका के सोहथा आदिवासी टोला की वार्ड सदस्य रेखा देवी के यहां रह रहे थे। दोनों ने बताया कि समीप के गाव कहुआ के विनोद कुमार पूर्णिया जिले के हरदा में स्थित मखाना फोड़ी फैक्ट्री लाकर उन पर जुल्म ढाता था। उसकी पत्नी भी मारपीट करती थी। बराबर कहती थी की पैसा देकर तुम दोनों को खरीदे हैं।
इधर, बच्चों के बरामद होने की खबर पहले स्थानीय पुलिस को दी गई लेकिन पुलिस बेखबर रही। बाद में अभिलाषा परिवार स्वयंसेवी संस्था की टीम ने मौके पर पहुंच कर बच्चों को अपने कब्जे में ले लिया।
स्वयंसेवी संस्था के जिला सचिव राजेश कुमार सिंह ने बताया कि यह मामला काफी गंभीर है। दोनों बच्चों को बाल कल्याण समिति कटिहार के सुपुर्द कर आगे की करवाई की जाएगी।