फर्जी चिकित्सक के क्लीनिक में नवजात सहित महिला की मौत
संवाद सूत्र, बारसोई (कटिहार) : बारसोई बाजार स्थित नीमतल्ला चौक में क्लिनिक खोलकर अपनी दुकान चलाने वाले फर्जी डॉक्टर डा. सुमन सिंह के क्लीनिक में इलाज कराने आई दो लड़की की मां रेखा देवी (25) गर्भवती महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को दिन के ढ़ाई बजे रेखा देवी ने एक लड़के को जन्म दिया तथा शाम होने तक नवजात ने दम तोड़ दिया। फिर शाम के लगभग सात बजे के रेखा देवी की भी मौत हो गई। जिसके बाद मृतका रेखा के पति बगडार ग्राम आजमनगर प्रखंड के निवासी हरि प्रसाद प्रमाणिक सहित स्थानीय लोगों ने क्लीनिक में हंगामा खड़ा कर दिया। मौका देखकर चिकित्सक सुमन सिंह फरार हो गया। ज्ञात हो कि सुमन सिंह की पत्नी शिखा सिंह भी डॉक्टर है और उसी के आड़ में सुमन सिंह भी फर्जी चिकित्सक बनकर लोगों का इलाज करता है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी ऐसी घटना हो चुकी है पर पुलिस प्रशासन मूकदर्शक बनी रही। वहीं हंगामा देखकर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंच कर छानबीन शुरु कर दी है।