Move to Jagran APP

'मा-बेटे की सरकार ने देश को गर्त में ढकेला'

By Edited By: Published: Sat, 19 Apr 2014 07:52 PM (IST)Updated: Sat, 19 Apr 2014 07:52 PM (IST)
'मा-बेटे की सरकार ने देश को गर्त में ढकेला'

जागरण संवाददाता, कटिहार : देश में मनमोहन सिंह की नहीं बल्कि मां-बेटे की सरकार है। इस सरकार ने देश को बर्बाद कर दिया। भारत महान और शक्तिशाली तभी बनेगा जब यहां के गांव, जिले व राज्य मजबूत होंगे। सभी राज्य विकास करेंगे। यदि पश्चिम क्षेत्र उन्नति करेंगे और पूर्वी क्षेत्र पीछे छूट जाएंगे तो देश की स्थिति नहीं बदलेगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, असम आदि राज्यों में विकास व रोजगार की अत्यधिक जरूरत है। इसी के मद्देनजर भाजपा ने अपने घोषणा पत्र में इन राज्यों के विकास पर विशेष ध्यान देने का संकल्प लिया है। ये उद्गार भाजपा के प्रधानमंत्री पद के प्रत्याशी नरेंद्र मोदी ने व्यक्त किए। मोदी शनिवार को कटिहार में डीएस कॉलेज मैदान में चुनावी जनसभा को संबोधित कर रहे थे।

loksabha election banner

मोदी ने कहा कि देश में कई चरणों में 232 सीटों पर मतदान हो चुका है, इसके सहारे अब कांग्रेस सरकार की सफाई हो जाएगी। इस मतदान के जरिए नई सरकार की नींव डाली जा चुकी है। अब जो मतदान होगा उसका नई सरकार में महत्वपूर्ण योगदान होगा। इसके सहारे ही नई सरकार मजबूत बनेगी।

उन्होंने कहा कि बिहार में उन्हें इतना प्यार मिला कि यहां बार-बार आने का मन करता है। चुनाव जीतने के बाद भी यही प्यार उन्हें यहां खींच लाएगा।

मोदी ने गठबंधन की राजनीति पर करारा प्रहार किया। बोले, कई दल नटबंधन और गठबंधन कर रहे हैं। परदे के पीछे का खेल कुछ और होता है, आगे का कुछ और। भाजपा गठबंधन के सामने अन्य दलों को सीना तानकर आगे आना चाहिए मगर ऐसा नहीं हो रहा है। बिहार के लोग इन दलों को पहचान चुके हैं। यहां की जनता अब गुमराह नहीं होगी। बिहार देश का भविष्य बनाएगा। भाजपा को लोगों का अपार प्रेम मिल रहा है। राजग को हर जगह सफलता मिल रही है।

रॉबर्ट वाड्रा पर प्रहार करते हुए कहा कि मां-बेटे (सोनिया-राहुल) की सरकार में वाड्रा ने चार साल में एक लाख से 300 करोड़ रुपये बना लिए। यह कारनामा कांग्रेस सरकार में ही संभव हो सकता है।

उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अपना भाग्य बदलना चाहते हैं, रोजगार चाहते हैं व तकलीफों को दूर करना चाहते हैं तो भाजपा को जिताएं। राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए नमो ने कहा कि जिस प्रकार लोग ताजमहल देखने जाते हैं व फोटो ख्िाचवाते हैं उसी तरह राहुल गरीबों के घर जाते हैं, फोटो ख्िाचवाते हैं। जबकि राहुल को यह भी नहीं पता कि गरीबी क्या होती है। मोदी ने खुद को गरीब घर का बताते हुए कहा कि कभी वे चाय बेचते थे। जब उनके घर में चूल्हा नहीं जलता था तो भूखे पेट सोने की नौबत आती थी। ऐसे में उनकी मां रोती थी।

मोदी ने स्थानीय भाजपा प्रत्याशी को विजयी बनाने का आह्वान किया। इस मौके पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मंगल पांडेय, प्रत्याशी निखिल कुमार चौधरी आदि ने भी सभा को संबोधित किया।


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.