दबंगों ने चार महादलितों के घर फूंके
संवाद सूत्र, मनसाही (कटिहार) : मनसाही थाना अंतर्गत चितौरिया में सोमवार दिन में दबंगों ने चार महादलितों के घर जला दिए। इस दौरान इन घरों की महिलाओं के साथ मारपीट भी की गई। जिन महादलितों के घर जलाए गए हैं, उनमें संजीव रविदास, संतोष रविदास, मिथुन रविदास व जबलाल ऋषि शामिल हैं। इन घरों की रीना देवी, बसंती देवी, दीपिका देवी आदि महिलाओं ने बताया कि दिन में घर के पुरुष काम पर गए हुए थे। इसी बीच अचानक अब्दुल गनी, अब्दुल मंसूर, मु. खालिक, मु. जहरत, कलाम, मु. जमील, इमरूल हक, जमाल, सलाम, मु. जाकिर, मु. शकूर, रतन ऋषि आदि हरबे-हथियार से लैस होकर बस्ती में पहुंचे। दबंगों ने इन घरों में आग लगा दी। महिलाओं के साथ मारपीट व लूटपाट करते हुए महादलितों को गांव छोड़ने की भी धमकी दी। घटना के बाद महादलित परिवारों के लोग डरे-सहमे हैं। इस संबंध में मनसाही थाने में 12 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने रतन ऋषिदेव को गिरफ्तार कर लिया है। मनसाही थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने बताया कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।