अधिकार नहीं मिलने से सरपंचों ने जताया रोष
बड़ी आशाओं के साथ ग्राम कचहरी का चुनाव गांव के छोटे-छोटे विवाद, झगड़ा को
कैमूर। बड़ी आशाओं के साथ ग्राम कचहरी का चुनाव गांव के छोटे-छोटे विवाद, झगड़ा को स्थानीय स्तर पर समाप्त करने के लिए कराया गया था। तीसरे चरण के चुनाव के बाद भी ग्राम कचहरियों को अपने संवैधानिक अधिकार मिलने का इंतजार है। अपनी समस्याओं एवं अधिकारियों, थाना प्रभारी द्वारा कोई ध्यान नहीं देने पर विचार करने के लिए सरपंच संघ के द्वारा प्रखंड मुख्यालय के महावीर मंदिर पर बैठक हुई। बैठक में सरपंचों ने ग्राम कचहरी संचालन में पुलिस के द्वारा सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया। सरपंच संघ ने बीडीओ के द्वारा सरपंचों की उपेक्षा का मामला उठाया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे संघ अध्यक्ष रामेश्वर प्रसाद ने कहा कि समस्याओं एवं अधिकारियों द्वारा ग्राम कचहरी के संचालन में सहयोग नहीं करने की शिकायत जिला पदाधिकारी से किया जाएगा। अध्यक्ष ने कहा कि छह पंचायत में न्याय मित्र का पद खाली है। इसकी सूचना बीडीओ को देने के बाद भी नियुक्ति के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गयी। बैठक में घुरहू ठाकुर, पुष्पा देवी, पुरूषोत्तम, फूल कुमारी देवी, राजेन्द्र प्रसाद, सुशीला देवी आदि उपस्थित थे।