बच्ची को ले महिला ट्रेन के आगे कूदी
गया-मुगलसराय रेल खंड पर शनिवार की रात भभुआ रोड स्टेशन के पूरब एक मां व ढ़ाई वर्ष की बच्ची के साथ ट्रेन की चपेट में आ गई।
कैमूर। गया-मुगलसराय रेल खंड पर शनिवार की रात भभुआ रोड स्टेशन के पूरब एक मां व ढ़ाई वर्ष की बच्ची के साथ ट्रेन की चपेट में आ गई। जिससे मां की घटना स्थल पर ही मौत हो गई, बच्ची का बाया पैर कट गया। माथे पर गंभीर चोट लगी है। रात्रि में गश्ती में निकले जीआरपी भभुआ रोड के थानाध्यक्ष भरत राम ने रेल ट्रैक पर यह हृदय विदारक दृश्य देखा। घायल अवस्था में बच्ची तड़प रही थी। फौरन उसे समीप के डा. अविनाश सिंह के अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती कराया गया। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या का लगता है। संभवत: पारिवारिक विवाद के कारण रात में बच्ची को लेकर महिला रेल ट्रैक पर आई हो। इसके बाद ट्रेन के आगे बच्ची को लेकर कूद गई। जिससे महिला की कटकर मौत हो गई। बच्ची का बायां पैर कट गया। उसके माथे पर गंभीर चोट लगी है। रात्रि गश्ती में वे प्लेटफार्म पर निकले थे, प्लेटफार्म संख्या दो के पूरब रेल ट्रैक पर महिला का शव पड़ा था। बगल में घायल बच्ची दर्द से कराह रही थी। बच्ची को फौरन इलाज के लिए बगल के चिकित्सालय में ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है। महिला हरे रंग की साड़ी पहने हुए थी। उसकी उम्र करीब 28 वर्ष बताई जा रही है। महिला की शिनाख्त नहीं हो पाई है। उसके शव को पोस्टमार्टम के लिए सासाराम भेज दिया गया। शाम तक अगल-बगल के लोगों से महिला व बच्ची की पहचान हेतु संपर्क किया गया। लेकिन पता नहीं चल पाया। पूरे दिन इस घटना की चर्चा होती रही। लोग उस मां को कोस रहे थे जिसने बच्ची के साथ आत्म हत्या करने के लिए रेल ट्रैक पर आई। कलयुगी मां को अपने बच्ची पर भी तरस नहीं आई। उसकी तो जीवन लीला समाप्त हो गई। लेकिन बच्ची की जिंदगी को खतरे में डाल दिया। अगर वह बच भी जाती तो एक पैर के सहारे उसे जीवन बसर करना होगा। बच्ची को देखने वालों का कलेजा फट रहा था। वह अस्पताल में जीवन मौत से जूझ रही है। रात में दूर से कोई महिला आ नहीं सकती। पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए परिजन सामने नहीं आना चाहते। भगवान भरोसे बच्ची का इलाज अस्पताल में चल रहा है।