रामपुर में 14 किमी की बनेगी मानव श्रृंखला
मद्य निषेध दिवस के दूसरे चरण में बनने वाली मानव श्रृंखला के लिए बीडीओ रामपुर मनोज।
कैमूर। मद्य निषेध दिवस के दूसरे चरण में बनने वाली मानव श्रृंखला के लिए बीडीओ रामपुर मनोज कुमार द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है। उनके साथ प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी व राजस्व कर्मी भी अपना सहयोग दे रहे हैं। बीडीओ ने बताया कि रामपुर प्रखंड में 14 किमी लंबी मानव श्रृंखला का निर्माण किया जाएगा, जो प्रखंड के सबार पंचायत से लेकर पसाई पंचायत तक होगी। इसमें 30 हजार लोगों को शामिल होना है। बीडीओ ने बताया कि मानव श्रृंखला निर्माण में 35 हजार मानव बल को पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है। इसकी तैयारी पूरे जोर-शोर से चल रही है। साइकिल, पद यात्रा, बाइक रैली आदि उपायों से लोगों को जागरूक किया जा रहा है। स्कूलों के शिक्षकों को भी इस कार्य को तत्परता से पूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है। प्रखंड में मानव श्रृंखला निर्माण में ग्रामीणों का उत्साह भी काफी है। ग्रामीण स्वयं इस अभियान में शामिल हो कर इसे सफल बनाना चाह रहे हैं। बीडीओ ने कहा कि जिस गांव में प्रचार किया जा रहा है वहां के ग्रामीणों का सहयोग मिल रहा है। ग्रामीणों के उत्साह से अभियान प्रखंड में पूर्ण रूप से सफल होगा।