पेट्रोल छिड़क कर युवक को जलाने का प्रयास
कैमूर। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में गुरूवार की रात एक युवक पर पेट्रोल छिड़क कर
कैमूर। जिले के भगवानपुर थाना क्षेत्र के भैरोपुर गांव में गुरूवार की रात एक युवक पर पेट्रोल छिड़क कर उसे जलाने का प्रयास करने का मामला प्रकाश में आया है। घायल का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। घायल के बयान पर पुलिस ने गांव के दो लोगों के विरूद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
सदर अस्पताल में भर्ती घायल 20 वर्षीय बादल गोड़ के अनुसार गुरूवार की रात गांव के तुला राम व रामाकांत सिंह उसके दरवाजे पर पहुंचे और बांधे गये पशुओं को खोल दिया। अचानक पशुओं को खोले जाने की आहट पाकर बादल गोड़ ज्योंहि घर से बाहर निकला पहले से घात लगाये लोगों ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दी। उसके चिल्लाने पर घर से बाहर निकले परिजनों ने उसके शरीर के कपड़े को फाड़कर आग बुझाने का प्रयास किया। लेकिन तब तक युवक झुलस गया। घटना की जानकारी होते पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। थानाध्यक्ष धनंजय कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। घायल के बयान पर नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। ज्ञात रहे कि दो सप्ताह पूर्व भैरोपुर निवासी रामाकांत सिंह को बादल गोड़ व अन्य लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया था। इस मामले में भी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।