जेल में लगा बंदी दरबार
जासं भभुआ (कैमूर): शनिवार को जेल अधीक्षक शाहनवाज अहमद नियाजी ने मंडल कारा भभुआ में बंदियों की समस्या
जासं भभुआ (कैमूर): शनिवार को जेल अधीक्षक शाहनवाज अहमद नियाजी ने मंडल कारा भभुआ में बंदियों की समस्याएं व समाधान के लिए दरबार लगाया। दरबार में कैदियों ने अपनी समस्याएं सुनाई। जिसपर गंभीरता से विचार कर समस्या का निपटारा कराने का आश्वासन जेल अधीक्षक ने दिया। बंदी दरबार में जेल अधीक्षक ने कैदियों को स्वास्थ्य के बारे में जानकारी दी व जाड़े के मौसम में ठंड से बचने की सलाह दी। बंदी दरबार के बाद जेल के महिला वार्डो में जाकर उनकी कुशल क्षेम पूछी। इस दौरान महिला बंदियों ने रंगीन टेलीविजन लगाने के लिए मांग की। जिस पर जेल अधीक्षक ने उन्हें आश्वासन दिया। पुरुष बंदियों ने कंप्यूटर शिक्षा लेने की इच्छा प्रकट की। जिसपर जेल अधीक्षक ने शीघ्र इसकी व्यवस्था करने की बात कही। कुछ बंदियों ने अपनी स्वास्थ्य संबंधी समस्या भी रखी। जिसपर शीघ्र स्वास्थ्य कैंप लगाने की बात कही गई। बंदी दरबार के अवसर पर जेल के बड़ा बाबू मो.साजिद भी उपस्थित थे।