डग्गामार वाहनों पर प्रशासन की नजर नहीं
जासं, भभुआ (कैमूर) : ऐसी कौन सी दिक्कत है कि प्रशासन की आंखों के सामने नगर सहित जिले के अधिकांश मार्गो पर छतों पर यात्रियों को बैठाकर डग्गामार वाहन पुलिस थाना के सामने से निकलते हैं। उसके बावजूद पुलिस प्रशासन कोई भी ठोस कदम नहीं उठाता है। इस संबंध में पूछे जाने पर पुलिस अधीक्षक पुष्कर आनंद ने कहा कि शीघ्र ही डग्गामार वाहनों पर कार्रवाई किये जाने के लिए अभियान चलाया जायेगा। सूत्रों की मानें तो इन वाहनों के पास परमिट बीमा ,प्रदूषण फिटनेश जैसे महत्वपूर्ण कागजात भी नहीं है। इसके बावजूद ऐसे वाहनों द्वारा सवारियों को आड़े तिरछे लटकाने के साथ ही छत पर बैठाकर यात्रा कराते देखा जाता है। इन वाहनों के लिए अभियान चलाकर ही अंकुश लगाया जा सकता है। लोगों की मानें तो जिले में कुछ ऐसे मार्ग है जहां पर गंतव्य तक पहुंचाने के लिए कोई भी साधन नहीं है। इसके चलते विवश होकर यात्रियों को डग्गामार वाहनों में बैठकर यात्रा करना पड़ता है। डग्गामार वाहनों के चालक यात्रियों से मनमाना किराया भी वसूल करते हैं। जब इनका विरोध किया जाता है तो उनके साथ मारपीट तक करने पर आमादा हो जाते हैं। ऐसे में यात्रियों की मजबूरी बन जाती है। अगर सफर करना है तो उनके मुताबिक ही चलना होगा। समाजसेवी प्रेमनाथ जायसवाल ,राकेश कुमार तिवारी, दुर्गेश चौबे ने डग्गा मार वाहनों के विरुद्घ अभियान चलाकर कार्रवाई किये जाने की मांग की है।