जिजीविषा के प्रथम संस्करण का हुआ विमोचन
जमुई। शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय की पत्रिका जिजीविषा के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया।
जमुई। शहर के डीएवी पब्लिक स्कूल में कार्यक्रम आयोजित कर विद्यालय की पत्रिका जिजीविषा के प्रथम संस्करण का विमोचन किया गया। मौके पर जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेन्द्र कुमार सिन्हा ने पत्रिका विमोचन को बड़ी उपलब्धि बताया और छात्र-छात्राओं से अपनी रचनात्मक क्षमताओं द्वारा आगामी अंक में अपनी जगह बनाने की प्रेरणा दी। चिकित्सक डॉ. अंजनी कुमार सिन्हा ने पत्रिका विमोचन को बड़ी उपलब्धियों में एक श्रेष्ठतम उपलब्धि बताया। उन्होंने पूरे विद्यालय को इस उपलब्धि के लिए हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शैक्षिक क्षेत्र में यह विद्यालय इसी तरह निरंतर ऊंचाईयों की ओर अग्रसर होता रहेगा। स्कूल के प्राचार्य डॉ. शशिकांत दूबे ने जिजीविषा नामाकरण की सार्थकता को रेखांकित करते हुए कहा कि युवा पीढि़यों में थोड़ी सी असफलता से उत्पन्न जीवन के प्रति निराशा के भाव को यह नाम जिजीविषा जीवन जीने की अदम इच्छा को बनाएगी। उन्होंने इसे सकारात्मक रूप में स्वीकार करने की प्रेरणा दी। इसके पूर्व प्राचार्य ने अतिथियों को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया। कार्यक्रम का संचालन वरीय शिक्षक ब्रजेश कुमार पांडेय ने किया जबकि समापन अभिषेक कुमार ने किया। मौके पर विद्यालय परिवार के अलावा स्कूली बच्चे उपस्थित थे।