जमुई नगर निकाय में महिलाओं को बहुमत
जमुई। नगर निकाय चुनाव में जमुई नगर परिषद के 30 वार्डों में महिलाओं का दबदबा रहा।
जमुई। नगर निकाय चुनाव में जमुई नगर परिषद के 30 वार्डों में महिलाओं का दबदबा रहा। नामांकन से लेकर मतदान में भी महिलाएं पुरुषों से आगे रहीं। यही वजह है कि पुरुष प्रधान इस समाज में महिलाओं ने अपनी ताकत दिखाई और आसानी से महिलाओं ने अपना बहुमत हासिल कर लिया। यानि 30 वार्ड में 19 महिला उम्मीदवारों ने जीत कर महिला सशक्तीकरण का मजबूती के साथ दावा साबित कर दिया है। कई सीटों पर तो पुरुष उम्मीदवार को महिला उम्मीदवार ने चुनाव में कड़ी टक्कर देते हुए जीत हासिल की है। हालांकि नगर निकाय चुनाव में महिलाओं के लिए तीस में से 15 सीट आरक्षित थे। फिर भी महिला उम्मीदवारों ने अपनी सीटों के साथ-साथ सामान्य सीट के चार सीटों पर भी कब्जा कर लिया। अब तीस सदस्यों वाले नगर निकाय के सदन में 19 वार्ड पार्षद प्रतिनिधित्व करेंगी। इस बार के चुनाव में महिलाएं शुरू से ही पुरुष से आगे थी। चुनाव मैदान में जहां 87 पुरुष उम्मीदवार थे। वहीं 105 महिला उम्मीदवार अपना भाग्य आजमा रही थीं। मतदान के दिन भी महिलाएं पुरुष मतदाताओं से आगे दिखे। जहां एक ओर 68.44 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं की तुलना में एक कदम आगे रहते हुए 69 प्रतिशत मतदान किया। अर्थात महिला मतदाताओं ने पुरुष मतदाताओं की तुलना में 0.56 प्रतिशत अधिक मतदान किया। जिस कारण अधिक संख्या में महिलाएं चुन कर आई। फिलहाल नगर निकाय के इस चुनाव में महिलाओं का दबदबा हर क्षेत्र में कायम रहा। चाहे वह उम्मीदवारी की बात हो, मतदान की बात हो या फिर जीत की। सभी जगहों पर महिलाओं ने पुरुषों को मात दी है।