गोद व रिक्शा से मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे थे वृद्ध मतदाता
जमुई। नगर पंचायत चुनाव में एक एक मत का वैल्यू होता है।
जमुई। नगर पंचायत चुनाव में एक एक मत का वैल्यू होता है। उसी को ध्यान में रखते हुए रविवार को चुनाव के दौरान वृद्ध महिला एवं पुरुष लाइन में लग कर अपना मत चहेते प्रत्याशी को देते देखे गए। मतदान केन्द्रों पर वृद्ध महिला या विकलांग को प्राथमिकता दी जा रही थी। कई वृद्ध महिलाओं को गोद में उठाकर मतदान केन्द्र पर लाया जा रहा था तो कई लाठी या किसी के सहारे मतदान केन्द्र पर आ रहे थे। प्रत्याशी के समर्थकों द्वारा मतदाता के लिए रिक्शा की भी व्यवस्था की गई थी। सोहजाना गांव के 70 वर्षीय पचरी देवी ने कहा कि कई बार मतदान किया हूं। अपने मत का प्रयोग करने में काफी खुशी मिलती है। 68 वर्षीय भषवा देवी ने कहा कि कब भगवान का बुलावा आ जाए। अब इस चुनाव में जिन्दा है तो मताधिकार का प्रयोग कर ही लें। प्रत्याशी के चुनाव से संबंधित प्रश्न पूछे जाने पर कहा कि नगर चुनाव में समाज के साथ चलना चाहिए। जिस व्यक्ति का चयन समाज कर लिया उसी का साथ हमलोग दे रहे हैं। वहीं 80 वर्षीय कुंती देवी ने कहा कि जब तक जिन्दा हैं अपना मताधिकार का प्रयोग करते रहेंगे। 78 वर्षीय दशरथ साव ने भी उल्लास के साथ मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं 76 वर्षीय बूदी पासवान, सावित्री देवी उर्मिला देवी आदि ने भी मताधिकार का प्रयोग करने पर खुशी जाहिर की।