मत डालने को आतुर दिखे मतदाता
जमुई। मौसम की गरमाहट से सतर्क मतदाता मतदान को लेकर खासा सजग दिखे।
जमुई। मौसम की गरमाहट से सतर्क मतदाता मतदान को लेकर खासा सजग दिखे। नगर निकाय चुनाव को लेकर शहर के सभी मतदान केन्द्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की कतार दिखी। मतदान करने को लेकर उत्साह का नजारा मतदान केन्द्र संख्या 10 क पर कुछ ऐसा दिखा कि यहां मतदान कर्मियों से पहले मतदाता तैयार थे। सुबह के 5:15 बजे ही मतदाताओं की लंबी कतार लग गई। खासकर महिलाओं की कतार यह बताने को काफी था कि अपने वार्ड के विकास को लेकर वे सजग हो चुकी हैं। कुछ ऐसा ही नजारा वार्ड सं. 14 के मतदान केन्द्र पर दिखा। यहां भी मतदाता सूर्य की तपिश चरम पर पहुंचने के पूर्व ही मताधिकार का प्रयोग करने को आतुर थे। सुबह सात बजे मतदान शुरू होने के साथ ही सभी मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं की कतार धीरे-धीरे बढ़ती गई और सूर्य की तपिश के साथ कतार घटती गई। यही वजह रहा कि दिन के 10 बजे तक लगभग 30 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। धीरे-धीरे मतदाताओं की संख्या घटने लगी। दिन के 12 बजे तो कई मतदान केन्द्रों पर इक्का-दुक्का मतदाता दिखे। मतदान कर्मी मतदाताओं का इंतजार कर रहे थे। हालांकि इस बीच मौसम के बदलते रुख का भी मतदाताओं पर असर दिखा। धूप-छांव के बीच दोपहर में भी मतदाता मतदान केन्द्र पर पहुंचे। मौसम की तपिश का नजारा अधिकारियों पर भी दिखा जो अपने बंद वातानुकूलित वाहन से ही मतदान का नजारा ले रहे थे।