नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा ने दिया धरना
संवाद सहयोगी, जमुई : भाकपा माले समर्थित बिहार राज्य अनुबंध मानदेय नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा क
संवाद सहयोगी, जमुई : भाकपा माले समर्थित बिहार राज्य अनुबंध मानदेय नियोजित सेवाकर्मी संयुक्त मोर्चा के आह्वान पर बिहार बंद के दौरान सोमवार को मोर्चा के सदस्यों ने शहर में विरोध मार्च निकाला। साथ ही शहर के कचहरी चौक पर प्रदर्शन करते हुए धरना दिया। इस दौरान सभी प्रदर्शनकारी मानदेय आधारित नियोजन नीति को समाप्त करने, सेवाकर्मियों की नियमित स्थायी नियुक्ति करने, समान काम के लिए समान वेतनमान देने की मांग कर रहे थे। कचहरी चौक से बड़ी संख्या में मोर्चा के महिला सदस्यों की अगुवाई में नियोजित सेवाकर्मियों ने प्रदर्शन की शुरुआत की और जुलूस के शक्ल में शहर भ्रमण किया। बाद में कचहरी चौक पहुंचकर उन्होंने अपनी मांगों के समर्थन में जमकर नारे लगाए और धरना दिया जिसकी अध्यक्षता जयराम तूरी ने की। इस मौके पर माले के जिला सचिव शंभुशरण सिंह ने कहा कि आर्थिक उदारिकरण और गलत आर्थिक नीतियों के कारण समाज में आर्थिक विषमता बढ़ रही है। यही कारण है कि आज विभिन्न पदों पर अनुबंध, मानदेय तथा प्रोत्साहन राशि के आधार पर सरकारी विभागों में नियुक्तियां की जा रही है जिस कारण बेरोजगार युवकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। इस मौके पर बासुदेव राय, बसारथ अंसारी, सुधीर ठाकुर, सुधीर मांझी, रमेश यादव, रामायण तूरी, आशा देवी, सुनीता देवी, रसोईया संगीता देवी, शहनाज खातून सहित बड़ी संख्या में महिला व पुरुष उपस्थित थे। इधर हड़ताल के आह्वान पर जिले भर के विभिन्न विद्यालयों में रसोईयों ने हड़ताल का समर्थन किया। जिस कारण दर्जनों विद्यालयों में मध्याह्न भोजन नहीं बन सका। वहीं मध्याह्न भोजन कार्यालय के 10, सर्वशिक्षा अभियान के 25 तथा कस्तूरबा विद्यालय के दो दर्जन नियोजित कर्मियों ने अपने को काम से अलग रखा। ये कर्मी कार्यालय तो आए पर काम नहीं किया।