जनता दरबार में तेरह विकलांगों को मिली ट्राईसाइकिल
संवाद सहयोगी, जमुई : जिलाधिकारी के जनता दरबार में गुरुवार को तेरह विकलांगों को सामाजिक सुरक्षा कोषांग के निदेशक राम निरंजन चौधरी ने जिलाधिकारी के निर्देश पर ट्राईसाइकिल उपलब्ध करवाई। जनता दरबार में फरियादियों की आज काफी भीड़ रही। 220 लोगों की शिकायत जिलाधिकारी शशिकांत तिवारी ने सुनी। कई महिला जनता दरबार में अपनी पीड़ा सुनाते हुए रो पड़ी। बरहट प्रखंड के नूमर टोला के 10 फरियादियों ने बासगीत पर्चा उपलब्ध कराने की मांग की। जिसपर जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी को आवश्यक निर्देश दिया। सोनो प्रखंड अंतर्गत छुदुनरिया गांव की पुष्पा देवी ने गांव में विद्यालय स्वीकृति हेतु आवेदन दिया। जिलाधिकारी ने कार्यक्रम पदाधिकारी को निर्देश दिया कि आवेदन के आलोक में यथाशीघ्र विद्यालय खोलने हेतु आवश्यक कार्रवाई करें। डहुआ गांव के प्रसादी रजक ने डीलर साकेन्द्र पासवान द्वारा खाद्यान्न उपलब्ध नहीं कराने की शिकायत की। उन्होंने कहा कि डीलर एक महीने का खाद्यान्न देकर दो महीने लिख देता है। इस बार तो खाद्यान्न दिया ही नहीं। उन्होंने कहा कि मांगने पर कहता है, अनाज ऊपर से ही कम आता है या फिर खत्म हो गया, नहीं दे सकते जहां जाना है जाओ। जिलाधिकारी ने पीड़ित की बातों को सुनकर उन्हें उक्त डीलर के विरुद्ध कार्रवाई का आश्वासन दिया। बरहट प्रखंड के नूमर के दर्जन भर लोगों ने कृषि साख सहयोग समिति सदस्यों की सूची में अनियमितता का आरोप लगाया। ग्रामीणों ने कहा कि सूची में मृत लोगों को जीवित एवं जीवित को मृत कर दिया गया है। दूसरे जिले के लोगों का नाम सूची में शामिल कर दिया गया है। जनता दरबार में एसडीओ रमेन्द्र कुमार, वरीय उपसमाहर्ता रामनिरंजन चौधरी, निशीथ वर्मा, सुभाष कुमार सहित संबंधित विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।