खैरा में दो पक्षों में झड़प, रोड़ेबाजी
संवाद सूत्र, खैरा(जमुई) : खैरा थाने के झुंडो गांव में शुक्रवार को फसल चराने के विवाद में दो संप्रदायों के लोगों के बीच झड़प हो गई। दोनों ओर से जमकर रोड़बाजी हुई। इसमें दोनों पक्षों के आधा दर्जन लोग जख्मी हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति नियंत्रित की।
झुंडो गांव के मुस्लिम मियां के मकई के खेत में झारी यादव की गाय चली गई। गाय के फसल चरने पर मुस्लिम के बटाईदार सफदर मियां ने उसे डंडे से पीटकर खेत से बाहर कर दिया। इसी बात को लेकर झारी, चंद्रिका यादव और मुस्लिम, सफदर के बीच भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते दोनों समुदायों के लोग अपने-अपने गुटो के साथ आ गए। रोड़ेबाजी होने लगी। रोड़ेबाजी में झारी, चंद्रिका, सुबोध कुमार, शक्ति यादव, शमशाद, इरफान, अजमत मियां आदि पत्थर लगने से घायल हो गए।
घटना की सूचना पाकर खैरा पुलिस झुंडो पहुंची। दोनों गुटों के लोगों को समझा-बुझाकर स्थिति को शांत कराया। फिलहाल स्थिति नियंत्रित किंतु तनावपूर्ण है। इससे पूर्व भी खैरा के गरही, भिमाइन, चौकीटांड़ आदि गांवों में छोटी-मोटी घटनाओं को लेकर विवाद होते रहे हैं।