स्कूल में ताला बंद देख लौट गए छात्र
संवाद सुत्र, गिद्धौर (जमुई): बुधवार को प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय रतनपुर में ताला बन्द देख छात्र-छात्राएं घर वापस लौट गए। इसकी सुचना जब मुखिया निर्मला देवी को मिली तो विद्यालय जा कर मामले की छानबीन की। विद्यालय के बरामदे पर इन्तजार कर रही दो शिक्षिका रिंकु कुमारी एवं स्वाती कुमारी ने मुखिया निर्मला देवी को बताया कि प्रध्यानाध्यापिका के आने का इन्तजार कर रही हूं। दो बज चुके हैं। अबतक विद्यालय का ताला नहीं खोला जा सका है। जिसके कारण छात्र भी लौटकर घर चले गए। वहीं मध्याह्न भोजन बनाने वाली रसोइया संगीता कुमारी एवं रीता देवी ने मुखिया से बताया की प्रध्यानाध्यापिका डोली रानी की लापरवाह रवैये के कारण मध्याह्न भोजन विगत पांच माह से बन्द पड़ा है। उन्होंने बताया की पोषाहार का चावल विद्यालय को उपलब्ध है। लेकिन मध्याह्न भोजन बनाने की इजाजत प्रध्यानाध्यापिका द्वारा नहीं दी जा रही है। इस मामले की जांच कर मुखिया निर्मला देवी बैरंग वापस लौट गई तथा इसकी सूचना प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी को दी। इस संदर्भ में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी वसीयत हुसैन से पूछे जाने पर बताया कि प्राथमिक विद्यालय रतनपुर की प्रध्यानाध्यापिका डोली रानी की शिकायत मुखिया एवं ग्रामीणों से मिली है। इस मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई की जाएगी।