डीएम ने किया प्रखंड कार्यालय का निरीक्षण
संवाद सहयोगी, जमुई : जिलाधिकारी शशिकांत तिवारी ने शुक्रवार को बरहट प्रखंड व अंचल कार्यालय का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी ली। साथ ही पदाधिकारियों का क्षमताबर्द्धन करते हुए योजना पंजी, रोकड़ पंजी की गहन छानबीन की। निरीक्षण के दौरान पंजी संधारित नहीं रहने पर उन्होंने नाराजगी जताई। साथ ही प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रियदर्शी राजेश पायरट व सीओ राघवेंद्र दयाल को पंजी का विधिवत संधारण करने का निर्देश दिया। जिलाधिकारी ने छात्रवृत्ति, इंदिरा आवास, पेंशन तथा साक्षरता मद की राशि को शीघ्र वितरित करने का निर्देश दिया। इस क्रम में पेंशन योजना की वितरित राशि का अभिश्रव प्राप्त नहीं होने पर डीएम ने बीडीओ से पंचायतों में बची शेष राशि का हिसाब पंजी में संधारण करने की बात कही। डीएम ने सामाजिक सुरक्षा एसजीएसवाई मद में पड़े 9 लाख तथा सामान्य प्रशासन मद की 30 हजार रुपए को ट्रेजरी में जमा करने का निर्देश दिया। उन्होंने आरटीपीएस के लंबित मामले के शीघ्र निष्पादन करने की बात कही। डीएम ने अंचल कार्यालय के रोकड़ पंजी व अन्य दस्तावेजों का गहन निरीक्षण किया। इस क्रम में अपर समाहर्ता चौधरी अनंत नारायण ने भी अंचल के लंबित कार्यो को शीघ्र निपटाने की बात कही। निरीक्षण के क्रम में प्रखंड व अंचल कार्यालय की साफ-सफाई पर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त की। बाद में प्रखंड के विभिन्न पंचायतों से आए दर्जनों लोगों ने जिलाधिकारी से मिलकर अपनी समस्याओं बताई। जिलाधिकारी ने तक्षण उन मामलों के निपटारे का निर्देश बीडीओ को दिया। डीएम के निरीक्षण को लेकर प्रखंड, अंचल, मनरेगा कार्यालय व आरटीपीएस काउंटर पर सभी कर्मी मौजूद थे। हालांकि आरटीपीएस काउंटर पर एक भी आवेदक नहीं थे।