शाम ढलते ही पसर जा रहा सन्नाटा
घने कोहरे तथा कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है।
जहानाबाद। घने कोहरे तथा कड़ाके की ठंड ने आम जनजीवन को अस्त व्यस्त कर दिया है। इस ठंड में भी कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। ठंड तथा कोहरे का आलम यह है कि लोग दोपहर बारह बजे से पहले घरों से निकलने से परहेज कर रहे हैं। शाम का तो कहना ही नहीं है। तेज पछुआ हवा तथा कपकपाने वाली ठंड के कारण बाजार में सन्नाटा पसरा रहता है। मंगलवार का तापमान लगभग दस डिग्री सेल्सियस आंकी गई है। स्कूलों में पढ़ने वाले छोटे-छोटे बच्चों को घोर कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस कड़ाके की ठंड में भी उसे स्कूल जाने के लिए तैयार होना पड़ता है। सड़क किनारे तम्बू बना कर रहने वाले गरीबों भी परेशान है। उसके पास शरीर ढकने के लिए पुआल भी मयस्सर नहीं है। यदि प्रशासनिक स्तर पर अलाव की व्यवस्था होती तो उसकी मुसीबत कम होती। ठंड का असर सड़कों पर भी देखा जा रहा है। बसों में भीड़ कम हो रही है।