पहले की पत्नी की हत्या, फिर हाथ पैर तोड़कर टंकी में डाल दी लाश
बिहार के जहानाबाद जिले में एक आदमी ने पहले अपनी पत्नी की बेरहमी से हत्या कर दी और फिर उसके हाथ-पैर तोड़कर लाश को टंकी में डाल दिया।
जहानाबाद [जेएनएन]। बिहार के जहनाबाद जिले में पति ने पहले क्रूरतापूर्वक पत्नी की हत्या कर दी। उसके बाद किसी भारी चीज से पत्नी का सिर कुचला, फिर गर्दन तोड़ दी। शरीर के हर हिस्से को तोड़ लाश को पोटली जैसा बना दिया और टंकी में भर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर पति सहित ती लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार कांति देवी की शादी छह साल पहले सूरज से हुई थी। सूरज दहेज के लिए उसे अकसर प्रताड़ित करता रहता था। शनिवार को भी दोनों में विवाद हुआ था। विवाद के बाद सूरज ने पहले पत्नी को पीटा फिर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए सूरज ने घर में बने मिट्टी की कोठी (टंकी) का इस्तेमाल किया। लेकिन कोठी में शव को रखना आसान नहीं थाफ इस लिए उसने पहले पत्नी के पूरे शरीर की हड्डियां तोड़ दी। और शव को को पोटली जैसा आकार दे दिया। अंत में उसने शव को कोठी में डाला और धान का भूसा भरकर ढक्कन बंद कर दिया।
हत्या की यह वारदात शनिवार की है। सूरज सोमवार को वह शव घर से बाहर ले जाकर ठिकाने लगाने की तैयारी कर रहा था। इसके लिए उसने टीन का एक बड़ा बक्सा खरीद लाया। शव ठिकाने लगाने में अपने भाई चांद कुमार, दोस्त जीतेंद्र और ऑटो ड्राइवर बिक्रम दास की मदद लेनी चाही।
शव को घर से बाहर ले जाने के लिए बिक्रम ऑटो लेकर सूरज के घर पहुंचा। सूरज अपने भाई और दोस्त के साथ शव को ऑटो पर रखता इससे पहले ही पुलिस पहुंच गई और शव के साथ सभी को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जा रहा है कि कांति देवी की शादी छह साल पहले सूरज से हुई थी। सूरज दहेज के लिए कांति को प्रताड़ित करता था। कांति के पिता भवसागर को सोमवार को सूचना मिली कि उनकी बेटी की हत्या कर दी गई है। इसके बाद भवसागर थाना पहुंचे और केस दर्ज कराया।
केस दर्ज होने के बाद पुलिस सूरज के घर पहुंची तो देखा कि यहां लाश को ठिकाने लगाने की तैयारी चल रही है।पुलिस ने सूरज से उसकी पत्नी की हत्या के बारे में पूछा तो उसने कहा कि मेरी पत्नी तो मायके गई है। उसकी हत्या नहीं हुई है। पुलिस ने जैसे ही सख्ती बरती सूरज टूट गया और उसने बता दिया कि घर की कोठी में कांति का शव है।