शराब भट्ठियां ध्वस्त करने गई महिलाओं पर हमला
जहानाबाद। घोसी थाना क्षेत्र के खिरौटी गांव में बुधवार को अवैध शराब की भट्ठिया बंद करान
जहानाबाद। घोसी थाना क्षेत्र के खिरौटी गांव में बुधवार को अवैध शराब की भट्ठिया बंद कराने गयी महिलाओं पर संचालकों ने हमला बोल दिया। उनलोगों ने उन महिलाओं तथा उनलोगों के साथ गये युवकों पर गर्म पानी में मिर्च पाउडर मिलाकर उड़ेल दिया। इतना ही नहीं संचालकों द्वारा मारपीट भी की गयी। जिसके कारण राकेश कुमार तथा गुडू कुमार नामक युवक जख्मी हो गये। हालांकि हमले के बावजूद भी उन महिलाओं ने हिम्मत नहीं हारी और न सिर्फ एक दर्जन से अधिक भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया बल्कि शराब बनाने के उपकरणों को भी नष्ट कर दिया। मारपीट तथा हमले से आक्रोशित बड़ी संख्या में महिलाएं थाना पहुंच गयी। स्थानीय मुखिया व ग्रामीण सुनैना देवी, मिंता देवी, ललिता देवी, सीमा देवी, सीता देवी, कोसमी देवी, रीता देवी तथा उर्मिला देवी के साथ थाने पहुंची बड़ी संख्या में महिलाओं ने कहा कि वे लोग अवैध शराब की भट्ठियों के संचालन से काफी परेशान हैं। इन भट्ठियों पर शराबियों का जमावड़ा लगा रहता है जिसके कारण उनलोगों को आने जाने में भी परेशानी होती है। थाना पहुंची महिलाएं हर हाल में अवैध शराब की भट्ठियों को बंद कराने की मांग कर रही थी। थानाध्यक्ष ने इन भट्ठियों को बंद कराये जाने के साथ हीं संचालकों को गिरफ्तार किये जाने का आश्वासन दिया। तभी वे लोग वापस लौटी।