बोलेरो ने छात्र को रौंदा, सड़क जाम
जागरण संवाददाता, जहानाबाद जहानाबाद-राजगीर स्टेट हाईवे स्थित भेलावर ओपी के भरथुआ गांव के समीप शनिवा
जागरण संवाददाता, जहानाबाद
जहानाबाद-राजगीर स्टेट हाईवे स्थित भेलावर ओपी के भरथुआ गांव के समीप शनिवार को तीव्र गति से जा रही एक बोलेरो ने छात्र को रौंद डाला। इसके कारण घटना स्थल पर हीं उसकी दर्दनाक मौत हो गयी। जैसे ही गांव के लोगों को इस घटना की जानकारी मिली बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर गये। उधर मृत बालक के घर में कोहराम मच गया।
जानकारी मिलते ही जहानाबाद के बीडीओ चंद्रभूषण गुप्ता तथा ओपी अध्यक्ष मनीष भारद्वाज वहां पहुंचे। इधर एसडीओ मनोरंजन कुमार भी सारी गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हुए मृतक के परिजनों को पारिवारिक लाभ योजना के तहत बीस हजार रुपये दिये जाने का निर्देश दिया। मौके पर पहुंचे अधिकारियों को समझाने बुझाने तथा परिवारिक लाभ योजना की राशि दिये जाने के उपरांत हीं सड़क जाम समाप्त हुआ। बताया जाता है कि शुक्रवार को राजा यादव की मां का श्राद्ध कर्म था। इसके लिए गांव के अन्य घरों से भी जरूरी सामान लाये गये थे। कार्य संपन्न होने के दूसरे दिन उनका बेटा विवेकानंद कुमार 14 वर्ष उन घरों से लाये गये सामानों को सायकिल से पहुंचा रहा था। जैसे हीं वह गांव के समीप सड़क पार करने लगा कि जहानाबाद से राजगीर की ओर जा रही बोलेरो गाड़ी ने उसे रौंद डाला। हालांकि बोलेरो की बरामदगी नहीं हो पायी है।