जमीनी विवाद को ले किसान पर जानलेवा हमला
संवाद सहयोगी, रतनी फरीदपुर जहानाबाद : शकुराबाद थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव में गुरुवार की शाम जमीनी विवाद को लेकर एक पक्ष ने जान मारने के उद्देश्य से कृष्णा प्रसाद पर देशी पिस्तौल से फायर कर दिया। संयोगवश गोली मिस फायर हो गयी और उसकी जान बच गयी। किसान ने हमलावरों से पिस्तौल छीनकर पुलिस को सौंप दी है। इस सिलसिले में कृष्णा प्रसाद के बयान के आधार पर गांव के ही दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
प्राथमिकी में सूचक ने यह उल्लेख किया है कि वह शाम में घर पर था। इसी बीच आरोपी लोग आये और गाली गलौज करने लगे। उसका आरोप है कि मना करने पर आरोपियों ने जान मारने के उद्देश्य से उसके उपर पिस्तौल निकाल कर फायर कर दिया। संयोगवश गोली मिस फायर हो गया। उनका यह भी कहना था कि आरोपी लोग पिस्तौल में पुन: गोली भरने की कोशिश की। इसी बीच शोर मचाते हुए हमलावरों से पिस्तौल छिन लिया। ग्रामीणों को जुटते देख हमलावर भाग गये। बाद मे किसान ने आरोपियों से छीने गये पिस्तौल को पुलिस के हवाले कर दिया है। पुलिस ने पुष्टी करते हुए बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी कर दी गयी है।