जाम छुड़ाने में लगी रही यातायात पुलिस
जागरण संवाददाता, जहानाबाद : जिला मुख्यालय में जाम लगने से लोग अब उब चुके हैं। सुबह से देर शाम तक सैकड़ों बार जाम लगता है। लोगों को काफी परेशानी होती है। कभी कभी शासन प्रशासन के लोग भी इस जाम का शिकार होते हैं लेकिन सुधार होता नहीं दिख रहा है। ट्रैफिक की लचर व्यवस्था एवं वाहन चालकों की मनमानी हमेशा एनएच 83 एवं 110 पर जाम की स्थिति उत्पन्न किये रहते हैं। यातायात पुलिस जाम छुड़ाने के लिए दिन भर हाथ पाव मारती रहती है। तब जाकर वाहनों का परिचालन सही से हो पाता है। बुधवार को रह रहकर जाम लगता रहा और लोग परेशान होते रहे। जाम का आलम यह था कि पटना से गया जाने वाले मार्ग में सैकड़ों गाड़िया कतार में खड़ी थी। वहीं जाम छूटने का नाम ही नहीं ले रहा था। काफी मशक्कत के बाद जाम टूटने पर लोगों ने राहत की सांस ली। रोज लगने वाले जाम से स्कूली छात्र भी काफी परेशान हैं।