साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने को हुआ गठबंधन
जागरण संवाददाता, अरवल
पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को दलित, महादलित तथा अतिपिछड़ा का सबसे भरोसेमंद नेता करार देते हुए अतिपिछड़ा प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष सीताराम दुखारी ने कहा कि साम्प्रदायिक ताकतों को रोकने के लिए इस प्रदेश में जदयू, राजद तथा कांग्रेस के बीच महागठबंधन किया गया है।
मोहनिया विधानसभा उपचुनाव के प्रचार प्रसार कर लौट रहे श्री दुखारी ने बुधवार को पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य की जनता फिर पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की ओर देख रही है। साम्प्रदायिक पार्टियां गरीबों, दलितों तथा महादलितों के बीच दुष्प्रचार कर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है लेकिन इसमें उसे सफलता नहीं मिलने वाली है। उन्होंने कहा कि जनता उनके मंसूबे को चकनाचूर कर बिहार के विकास में अपनी भागीदारी निभायेगी। इसके पूर्व जिलाध्यक्ष सिंह यादव के नेतृत्व में आयोजित बैठक में श्री दुखारी ने हिस्सा लिया तथा कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने के लिए विचार विमर्श किया। इस मौके पर अतिपिछड़ा के प्रदेश उपाध्यक्ष शोभा देवी, रफीगंज के प्रखंड अध्यक्ष अभय चंद्रवंशी,जिला उपाध्यक्ष अमरेन्द्र कुमार तथा जिला सचिव दशरथ यादव आदि लोग भी उपस्थित थे।