हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ ईद उल फित्र का त्योहार
जागरण संवाददाता, जहानाबाद : एक महीने के पवित्र रमजान के बाद मंगलवार को मुस्लिम भाइयों ने हर्षोल्लास के साथ ईद उल फित्र का त्योहार मनाया। हालांकि सोमवार की शाम चांद दिखते हीं रोजेदारों की खुशी का ठिकाना नहीं रहा था। लेकिन मंगलवार को सबेरे से उनकी यह खुशी परवान चढ़ गयी।
रंग बिरंगे नये कपड़े पहनकर मुस्लिम भाई सबेरे ही सड़क पर उतर गये थे। उनके चेहरे खिले हुये थे। दरअसल एक महीने के रमजान की समाप्ति की खुशी थी। यूं तो शहर के जामा मस्जिद,कच्ची मस्जिद, गड़ेरियाखंड, मखदुमाबाद मस्जिद, जाफगरंज मस्जिद, मदरसा अरबिया मस्जिद, बिचली मुहल्ला, ईरकी मस्जिद में मुस्लिम भाइयों ने नमाज अता की लेकिन पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 83 स्थित ईदगाह के समीप सामुहिक नमाज अता किया गया। यहां हजारों की संख्या में मुस्लिम भाइयों ने ईद का नमाज अता किया।
नमाजियों की संख्या अत्याधिक हो जाने के कारण इस पथ पर कुछ देर के लिए वाहनों का परिचालन भी ठप हो गया। पुरा सड़क नमाजियों से पटा था। मौलाना बरकाती के नेतृत्व में ईद की नमाज अता की गयी। इस दौरान शांति तथा कानून व्यवस्था कायम रखने के उद्देश्य से बड़ी संख्या में सशस्त्र बलों की प्रतिनियुक्ति भी की गयी थी।
एसडीओ मनोरंजन कुमार, एसडीपीओ जयराम शर्मा, नगर थानाध्यक्ष नागेन्द्र सिंह के अलावा अन्य प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी मुश्तैद थे। इधर विधायक अभिराम शर्मा, राजद के प्रधान महासचिव व पूर्व मंत्री मुंद्रिका सिंह यादव, पूर्व विधायक डा. सच्चिदानंद यादव, डा. मुनीलाल यादव, जदयू के प्रदेश प्रतिनिधि प्रो. गगन भूषण प्रसाद,जदयू के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश नारायण चंद्रवंशी, लोजपा के जिलाध्यक्ष गोपाल शर्मा, बीस सूत्री के उपाध्यक्ष जगदीश प्रसाद कुशवाहा,युवा जदयू के जिलाध्यक्ष दिलीप कुशवाहा, महासचिव हरेराम शर्मा, भूषण कुमार,कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष सुरेन्द्र प्रसाद शर्मा, राजद नेता परमहंस राय, विजय मंडल, बैकुंठ यादव, धर्मपाल यादव, रमेश यादव, संपूर्ण लाल यादव उर्फ मुन्दर लाल ,डा. शशिरंजन उर्फ पप्पु यादव, जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव योगेन्द्र शर्मा आदि नेताओं ने मुस्लिम भाइयों को ईद की बधाई दी।
इधर काको के मस्जिद में भी बड़ी संख्या में मुस्लिम भाईयों ने एक दूसरे को ईद की बधाई दी तो शकुराबाद, फरीदपुर, कनसुआ, घोसी आदि जगहों पर भी मुस्लिम भाइयों ने ईद का नमाज अता किया तथा एक दूसरे को बधाइयां दी।