मनचलो की हरकत से परेशान हैं छात्राएं
जागरण संवाददाता, अरवल : जिला मुख्यालय सहित शहरी क्षेत्रों में संचालित कई निजी एवं सरकारी शिक्षण संस्थाओं में पठन-पाठन कर रही छात्राओं को मनचलों के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शैक्षणिक संस्थानों के आसपास सुबह से हीं मनचले युवकों का जमावड़ा लगा रहता है। विद्यालय पहुंचने वाली छात्राओं को देखते ही आवारा एवं मनचले युवकों द्वारा गंदी फब्तियां कसी जाती है। कुछ युवक तो बाइक पर सवार होकर लहरिया स्टाईल में आने जाने वाली छात्राओं को छेड़ते हैं। कभी कभी तो इनकी हरकतों से आने जाने वाले राहगीर भी अचंभित हो जाते हैं। कुछ छात्राओं ने पहचान उजागर नहीं करने की शर्त पर बताया कि मनचलों की शिकायत अभिभावकों से करने में झिझक होती है। वहीं पुलिस प्रशासन से भी शिकायत करने पर प्रतिष्ठा का सवाल बना रहता है। ऐसी परिस्थिति में मनचलों की हरकतों को सहने को वे लोग बेबस हैं।