ईवीएम के साथ मतदान केन्द्रों को रवाना हुए कर्मी
जागरण संवाददाता,अरवल
सोलहवीं लोकसभा चुनाव को ले जिला मुख्यालय स्थित अम्बेदकर एवं प्रखंड कार्यालय परिसर से ईवीएम व अन्य आवश्यक सामग्रियों के साथ मतदान कर्मी मतदान केन्द्रों के लिए रवाना हुये। नगर भवन में मतदान कर्मियों के बीच सामग्रियों का वितरण किया गया एवं उन्हें मतदान केन्द्रों के लिए रवाना किया गया। कलेर प्रखंड के बूथ संख्या 97 से 189 मतदान केन्द्रों के कर्मियों को सामग्रियां दी गयी। इसके साथ हीं मतदान केन्द्र संख्या एक से 96 तक के कर्मियों के बीच सदर प्रखंड में मतदान हेतु सामग्रियों का वितरण किया गया। कलेर में 93 मूल मतदान केन्द्र तथा सात सहायक मतदान केन्द्र बनाया गया है। जिला पदाधिकारी कुंवर जंगबहादुर ने मतदान सामग्रियों के वितरण का निरीक्षण करते हुए कर्मियों को कई आवश्यक निर्देश दिया। उन्होंने सभी कर्मियों को कलस्टर सेंटर तक पहुंचने का निर्देश देते हुए कहा कि शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष चुनाव के लिए सभी कर्मी तत्पर रहें। कलस्टर सेंटर से सभी कर्मी सशस्त्र बलो के साथ मतदान केन्द्रों तक पहुंचेंगे। इस दौरान डीएम द्वारा संबंधित पदाधिकारियों के साथ मतदान केन्द्रों पर रोशनी, पानी,शौचालय आदि की सुविधाओं पर भी चर्चा की गयी।