सर्द हवा से और बढ़ी ठंड, दो डिग्री गिरा पारा
गोपालगंज। जिले में तेज सर्द हवा के साथ ठंड का कहर जारी है। मंगलवार की रात का पारा 10
गोपालगंज। जिले में तेज सर्द हवा के साथ ठंड का कहर जारी है। मंगलवार की रात का पारा 10 डिग्री पर कायम रहा। इस बीच तेज सर्द हवा के वेग ने गलन को और बढ़ा दिया। हालांकि बुधवार को दिन भर सूरज बादलों में छिपा रहा, जिससे अधिकतम तापमान दो डिग्री सेल्सियस गिर कर 21 डिग्री पर पहुंच गया। इस बीच सर्द हवाओं के कारण ठंड से जनजीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। बाजारों में चहल पहल कम रही। तेज ठंड के कारण सुबह लोग घरों के अंदर ही दुबके रहे। हालांकि कोहरा छंटने के बाद दोपहर में सड़कों पर चहल-पहल कुछ बढ़ गई।
जिले में मंगलवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात बन गई। सर्द हवा और घने कोहरे के कारण न्यूनतम तापमान सोमवार की ही तरह मंगलवार की रात भी दस डिग्री पर ही कायम रहा। पारा गिरने के कारण शाम के पांच बजे से ही कनकनी लोगों को महसूस होने लगी। रजाई व कंबल में दुबकने के बाद भी लोग ठंड से परेशान दिखे। बुधवार की सुबह भी काफी सर्द रही। मंगलवार की रात करीब आठ बजे से कोहरे का प्रकोप प्रारंभ हुआ तो बुधवार को दिन के 11 बजे तक जारी रहा। ऐसे में कोहरे के बीच ही बच्चे स्कूल जाने के लिए घर से निकले। बुधवार की सुबह कोहरे के बीच तेज सर्द हवा चलने से गलन काफी बढ़ गई। दिन के 11 बजे तापमान 14 डिग्री दर्ज किया गया। हालांकि कोहरा छंटने के बाद दोपहर में तापमान चढ़ने लगा। दोपहर एक बजे तापमान 21 डिग्री दर्ज की गई। कड़ाके की ठंड के कारण शहरी क्षेत्र में लोगों की भीड़ सड़कों पर कम ही रही। ठंड के कहर का आलम यह रहा कि आम आदमी तो दूर जानवर भी कोने में दुबके नजर आये। सड़कों और बाजारों में आम दिनों के मुकाबले चहल-पहल दोपहर तक काफी कम रही। अधिकांश लोगों ने अपने-अपने घरों से निकलने से परहेज किया।
बाजारों की रौनक गायब
कड़ाके की ठंड लगातार जारी रहने से जिले के सभी प्रखंड मुख्यालयों से लेकर बाजारों की रौनक गायब हो गई है। ग्रामीण क्षेत्र के काफी कम लोगों के बाजारों में आने से व्यवसाय भी बुरी तरह से प्रभावित हुआ। इस मौसम में सबसे अधिक ठंड बुधवार को रहने के कारण कुचायकोट, सासामुसा, जलालपुर, बरौली, सिधवलिया, मीरगंज, दिघवा दुबौली, कटेया, पंचदेवरी, मांझा, हथुआ के बाजारों में दोपहर तक सन्नाटे की स्थिति देखने को मिली।