सर्द रही रात, दिन में हल्की धूप निकलने से राहत
गुरुवार की शाम से शुक्रवार की सुबह तक सर्द हवाओं के कारण जन जीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा।
गोपालगंज। गुरुवार की शाम से शुक्रवार की सुबह तक सर्द हवाओं के कारण जन जीवन पूरी तरह से प्रभावित रहा। पिछले तीन दिन से रात का तापमान दस डिग्री के नीचे बना हुआ है। गुरुवार की रात तापमान गिरकर 9.1 डिग्री तक पहुंच गया। ऐसे में आम लोगों की परेशानी कुछ बढ़ गई।
हालांकि शुक्रवार को तीन दिन बाद हल्की धूप निकलने से लोगों को कुछ राहत मिली। लेकिन दोपहर बाद सूरज फिर बादलों में छिप गया। इस बीच सर्द हवाओं का बहना भी जारी रहा। जिससे धूप निकलने से कुछ घंटे के लिए मिली राहत फिर कनकनी में बदल गई।
जिले में पिछले पांच दिन से ठंड का प्रकोप जारी है। इस बीच दिन तथा रात का तापमान में भी हर दिन गिरावट दर्ज हो रही है। गुरुवार की रात इस मौसम की सबसे सर्द रात रही। पारा गिरकर 9.1 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। शुक्रवार की सुबह भी ठंड के कारण लोग अपने घरों में दुबके रहे। हालांकि दिन चढ़ने पर तीन दिन बाद शुक्रवार को हल्की धूप निकली। जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। हालांकि दोपहर बाद सूरज फिर बादलों में छिप गया। इस बीच सर्द हवाओं ने लोगों की मुसीबत और बढ़ा दी। सिपाया कृषि विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिकों ने बताया कि अभी कुछ दिन और मौसम का मिजाज ऐसा ही बना रहेगा। सर्द हवाओं के साथ तापमान के गिरने का सिलसिला जारी रहेगा।
बढ़ गई ऊनी कपड़ों की मांग : ठंड बढ़ने के साथ ही ऊनी कपड़ों की मांग बढ़ गई है। कपड़ों की दुकानों पर गर्म कपड़े खरीदने वालों की भीड़ उमड़ रही है। दुकानदार भी इस बात का उम्मीद लगाए बैठे हैं कि साल के अंत में ठंड और बढ़ेगी। ऐसे में ऊनी कपड़ों की मांग और बढ़ेगी।
पिछले सात दिनों में क्या रहा तापमान
दिनांक अधिकतम न्यूनतम
5 दिसम्बर 23 11
6 दिसम्बर 24 10
7 दिसम्बर 23 9.5
8 दिसम्बर 22 9.1
9 दिसंबर 21 9.1