भूमि विवाद में फायरिंग, तीन लोग घायल
गोपालगंज। मांझा थाना क्षेत्र के मधुसरेया गांव में पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर फायरिंग
गोपालगंज। मांझा थाना क्षेत्र के मधुसरेया गांव में पूर्व से चल रहे भूमि विवाद को लेकर फायरिंग की गई। इस बीच हुई मारपीट में दोनों पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मांझा थाना के मधुसरेया गांव के इसहाक मियां के खेत पर पहुंचे कुछ लोग जबरन जोतने लगे। इस बात की जानकारी होने के बाद इसहाक मियां अपने परिवार के लोगों के साथ खेत पर पहुंच गए तथा उन्हें ऐसा करने से रोका। इसके बाद दूसरे पक्ष के लोगों ने फायरिंग कर दहशत फैला दिया। फायरिंग के बाद भी जब इसहाक मियां खेत से नहीं हटे तो दोनों पक्षों के बीच मारपीट प्रारंभ हो गई। इस घटना में इसहाक मियां के अलावा इसके परिवार का एक अन्य सदस्य तथा दूसरे पक्ष से मलिकाना पैठानपट्टी गांव के अजय चौधरी घायल हो गए। इसहाक मियां के बयान पर इस संबंध में थाने में दर्ज प्राथमिकी में जगरनाथ यादव सहित 12 लोगों को आरोपी बनाया गया है। जबकि दूसरी ओर से अजय चौधरी ने भी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।