विशेष पहचान पत्र बनाने में लगेंगे तेरह सौ कर्मी
गोपालगंज। पूरे देश के लोगों को राष्ट्रीय स्तर का पहचान पत्र देने का अभियान दिसम्बर में प्रारंभ होगा।
गोपालगंज। पूरे देश के लोगों को राष्ट्रीय स्तर का पहचान पत्र देने का अभियान दिसम्बर में प्रारंभ होगा। जिले में इस अभियान में करीब तेरह सौ कर्मी लगाए जाएंगे। तमाम कर्मियों को दस दिसम्बर तक प्रशिक्षण देने का कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा।
जिला सांख्यिकी पदाधिकारी विंदेश्वर राम ने बताया कि पूरे देश के लोगों को एक समान का राष्ट्रीय पहचान पत्र देने के लिए यह अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में 2010 में तैनात किये गये एनपीआर के आधार पर कार्य किया जाएगा। 2010 के बाद जन्म लेने वाले लोगों का नाम भी इसमें जोड़ा जाएगा। जबकि इस अवधि में मृत लोगों का नाम इससे हटा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान में मुख्य रूप से 2010 में तैनात एनपीआर के डाटाबेस को अपडेट किया जाना है। डाटा बेस अपडेट किये जाने के बाद लोगों को नया पहचान पत्र निर्गत किया जाएगा। डाटा बेस अपडेट किये जाने के दौरान इस कार्य में लगाये गये कर्मी सभी 4709 प्रगणक ब्लाक के प्रत्येक घर में जाकर सही स्थिति की जानकारी प्राप्त करेंगे। साथ ही प्रत्येक व्यक्ति का पूर्ण से तैयार डाटा बेस में त्रुटि जैसे नाम के अक्षर में गड़बड़ी, पिता के नाम में गड़बड़ी, जन्म तिथि में गड़बड़ी, पता में सुधार आदि का कार्य करेंगे। सांख्यिकी पदाधिकारी ने बताया कि इस कार्य में लगाये जाने वाले तमाम कर्मियों को दस दिसम्बर तक पूर्ण रूप से प्रशिक्षित कर दिया जाएगा। ताकि डाटा बेस तैयार करने का कार्य बेहतर तरीके से संपन्न हो सके।