दहेज के लिए दो महिला को घर से निकाला
गोपालगंज। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दो महिलाओं को उनके ससुराल के लोगों ने मारप
गोपालगंज। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर दो महिलाओं को उनके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। पीड़ित महिलाओं के बयान पर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस इन मामलों की छानबीन में जुट गयी है।
दहेज में बाइक की मांग पूरी नहीं होने पर बरौली थाना क्षेत्र के बरौली गांव की जुली देवी को शादी के सात साल बाद उसके ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। जुली की शादी सिवान जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र के अमलोरी गांव के धनन्जय पटेल के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर जुली को उसके ससुराल के लोगों ने बाइक नहीं लाने का आरोप लगाकर प्रताड़ित करना शुरु कर दिया। इसी क्रम में उसे ससुराल के लोगों ने मारपीट कर घर से निकाल दिया। घटना को लेकर महिला थाने में दर्ज करायी गयी प्राथमिकी में जुली ने अपने पति धनन्जय पटेल के अलावा कैलाश पटेल तथा रंजन कुमार को नामजद किया है। उधर दहेज में नकदी की मांग पूरी नहीं होने पर कुचायकोट थाना के श्यामपुर चौबे गांव के नरेश चौबे की पुत्री परमशीला देवी को उसके ससुराल के लोगों ने घर से मारपीट कर निकाल दिया। परमशीला की शादी कुचायकोट थाना क्षेत्र के बरवां गांव के रतन तिवारी के साथ हुई थी। घटना को लेकर थाने में दर्ज प्राथमिकी में परमशीला देवी ने अपने पति रतन तिवारी के अलावा कन्हैया तिवारी, सुजीत तिवारी तथा रामबदल तिवारी सहित छह लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। पुलिस दोनों मामलों की छानबीन कर रही है।