प्रधानाध्यापकों पर भारी पड़ रही विभाग की सुस्ती
गोपालगंज। प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय के प्रधानध्यापक इस समय सांसत में फंस गए हैं
गोपालगंज। प्रखंड क्षेत्र के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालय के प्रधानध्यापक इस समय सांसत में फंस गए हैं। पोशाक और छात्रवृत्ति की राशि भेजने में शिक्षा विभाग की सुस्ती अब प्रधानाध्यापकों पर भारी पड़ने लगी है। विद्यालयों में कई श्रेणी के लिए राशि नहीं भेजे जाने से उसका वितरण नहीं हो पा रहा है। इधर राशि के लिए छात्रों ने आये दिन विद्यालयों में हंगामा प्रदर्शन कर प्रधानाध्यापकों के नाम में दम कर दिया है। प्रधानाध्यापक बताते हैं कि प्रखंड के प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं के छात्रवृति मद में सिर्फ सामान्य कोटी के छात्रों के लिए ही राशि विद्यालय के खाता में भेजी गयी। जिसका वितरण भी कर दिया गया। लेकिन पिछड़ी, अत्यंत पिछड़ी, अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जन जाति श्रेणी के के छात्र-छात्राओं के लिए विभाग द्वारा अब तक खाते में राशि नहीं भेजी गयी है। उन्होंने बताया कि बिना राशि भेजे ही विभाग आये दिन छात्रवृत्ति व पोशाक योजना की राशि वितरित करने के लिए तिथि निर्धारित कर उसकी घोषणा भी कर रहा है। छात्र तिथि निर्धारित पर छात्रवृत्ति व पोशाक की राशि देने की मांग कर रहे हैं। राशि नहीं मिलने पर वे हंगामा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि राशि नहीं मिलने पर छात्र राशि गबन करने का आरोप भी प्रधानाध्यापकों के ऊपर लगा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रखंड के सत्तर मध्य विद्यालयों के वर्ग छह से आठ तक के छात्र-छात्राओं के लिए पोशाक की राशि भी विद्यालय के खाता में नहीं भेजी गयी है। जिसके कारण उन्हें छात्रों के हंगामे के बीच अभिभावकों का भी रोष झेलना पड़ रहा है।