सांसद आदर्श ग्राम से दूर होगी निरक्षरता
गोपालगंज। अब सांसद आदर्श ग्राम खैरा आजम में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए विशेष तौर
गोपालगंज। अब सांसद आदर्श ग्राम खैरा आजम में निरक्षर लोगों को साक्षर बनाने के लिए विशेष तौर पर अभियान चलाया जाएगा। साथ ही पंचायत के तीनों गांवों के लोगों को स्वच्छता के लिए बकायदा प्रेरित किया जाएगा। इसके लिए अभियान चलाने की कार्ययोजना को अंतिम रूप देने का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। यह अभियान लगातार चलाया जाएगा।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आदर्श ग्राम को पूर्ण रूप से साक्षर बनाने को लेकर बैठक में कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया जा चुका है। इसके तहत पंचायत के तीनों गांवों खैरा आजम, बनकटी उत्तर व बनकटी दक्षिण गांवों में टोला सेवक निरक्षर लोगों की पहचान कर उन्हें अभियान के तहत साक्षर बनाएंगे। इस अभियान में महिलाओं पर विशेष रूप से ध्यान रहेगा। इस संबंध में एसआरजी सुनील कुमार द्विवेदी ने बताया कि मानव का विकास तभी संभव है जब वह साक्षर हो। इस बात को गांव के प्रत्येक व्यक्ति को समझाया जाएगा। ताकि वे पूर्ण रूप से साक्षर होकर आदर्श ग्राम की अवधारणा के अनुरूप खुद को बदल सकें।
इनसेट
पंचायत में हैं 1800 निरक्षर
गोपालगंज : खैरा आजम पंचायत में निरक्षर लोगों की संख्या करीब 1800 है। इन निरक्षरों को साक्षर करने के लिए साक्षर भारत अभियान के तहत वीटी की पहचान का कार्य कर लिया गया है। इस कार्य में मैट्रिक की शिक्षा प्राप्त कर रहे छात्र-छात्राओं से विभाग सहयोग लेगा।
इनसेट
महिलाओं को दिया जाएगा रोजगार
गोपालगंज : सांसद आदर्श ग्राम में महिलाओं को रोजगार दिलाने के लिए विशेष रूप से कार्य किया जाएगा। इसके लिए 18 से 35 वर्ष तक आयु वर्ग की महिलाओं को रोजगार के लिए प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत इन महिलाओं को सिलाई, कटाई, पेंटिंग व घरेलू उद्योग जैसे पापड़, चिप्स, नमकीन व भुजिया बनाने के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
इनसेट
स्वच्छता की भी दी जाएगी जानकारी
गोपालगंज : सांसद आदर्श ग्राम में लोगों को खुले में शौच की प्रवृति से रोकने के लिए उन्हें बकायदा स्वच्छता की जानकारी दी जाएगी। साथ ही खुले में शौच के कारण होने वाली बिमारियों के बारे में भी उन्हें बताया जाएगा। इसके तहत लोगों को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने सहित कई बिन्दुओं पर बताया जाएगा। ताकि पूरे गांव में पूर्ण स्वच्छता हर व्यक्ति को दिखे।