आपसी विवाद को सुलझाने में गई मजदूर की जान
गोपालगंज। मारपीट को लेकर पूर्व से चल रहा विवाद जादोपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी मजदूर कन
गोपालगंज। मारपीट को लेकर पूर्व से चल रहा विवाद जादोपुर थाना क्षेत्र के हरिहरपुर गांव निवासी मजदूर कन्हैया महतो पर भारी पड़ गया। इस विवाद को सुलझाने के लिए ही सोमवार की रात पंचायती बुलाई गई थी। लेकिन पंचायती में मामला सुलझने की जगह इतना बढ़ गया कि इनकी पीट पीट कर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि कन्हैया महतो का अपने ही गांव के सुनिल राम के साथ विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर कुछ माह पूर्व दोनों पक्ष के लोगों के बीच जमकर मारपीट भी हुई थी। इस मामले में दोनों पक्ष से प्राथमिकी दर्ज करायी थी। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने कन्हैया महतो के भाई गंगा महतो को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। बताया जाता है कि इसी विवाद को सुलझाने का प्रयास कन्हैया महतो कर रहे थे। मामला सुलझाने के लिए सोमवार को पंचायती की तिथि तय की गयी थी। बताया जाता है कि पंचायती के लिये सुनिल राम सहित कुछ लोगों ने सोमवार की रात कन्हैया महतो को घर से बुलाकर ले गए थे। लेकिन पंचायती के दौरान मामला सुलझने के जगह विवाद और बढ़ गयी। जिस पर कुछ लोगों ने कन्हैया महतो को पीट पीटकर कर मौत के घाट उतार दिया गया। हत्या करने के बाद उनके शव को उनके घर के दरवाजे के पास फेंक कर आरोपी फरार हो गए। हालांकि पीट पीट कर हत्या करने के बाद शव को घर के पास फेंकने से कई सवाल भी खड़े हो गए हैं। पुलिस को अनुमान है कि पंचायती के दौरान बढ़ा विवाद अगर हत्या का कारण होता तो आरोपी शव को वहीं छोड़ कर भाग जाते। शव को जीप में लाद कर घर के बाहर फेंके जाने से पुलिस इस हत्याकांड के अन्य पहलुओं की भी जांच पड़ताल कर रही है। हालांकि मृतक के परिजन पंचायती के बहाने बुलाकर इस घटना को अंजाम देने का आरोप लगा रहे हैं।