मारपीट के बाद झोंपड़ी में आग लगायी, चार गिरफ्तार
गोपालगंज। थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट व रोड़ेबाजी क
गोपालगंज। थाना क्षेत्र के कोइनी गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच हुई मारपीट व रोड़ेबाजी की घटना के बाद एक आवासीय झोंपड़ी में आग लगा दी गयी। इस घटना में झोंपड़ी में रखी गयी हजारों की संपत्ति जलकर राख हो गयी। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
बताया जाता है कि कोईनी गांव के रमेश कुमार पाल एवं जयनाथ सिंह के बीच पूर्व से जमीनी विवाद चल रहा था। शनिवार को एक पक्ष की ओर से विवादित जमीन में बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य कराया जा रहा था। दूसरे पक्ष द्वारा इसका विरोध करने पर विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते दोनों तरफ से जमकर रोड़ेबाजी शुरु हो गयी। इसी बीच घटना स्थल के समीप मौजूद झोंपड़ी में आग लगा दी गयी। घटना की सूचना मिलते ही मांझा थाने की पुलिस सदर इंस्पेक्टर संजीव कुमार के साथ पहुंच गयी तथा त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घटना को लेकर थाने में दोनों ओर से प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।