तापमान 44 के पार, लू ने भी बढ़ाई परेशानी
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : दिनोंदिन गर्म होते मौसम ने आम लोगों को घरों में सिमट कर रहने को विवश कर
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : दिनोंदिन गर्म होते मौसम ने आम लोगों को घरों में सिमट कर रहने को विवश कर दिया है। दिन व रात के तापमान में दिनोंदिन हो रही वृद्धि के कारण समस्याएं बढ़ती जा रही है। दिन में लू चलने से लोगों के बीमार होने का भी सिलसिला बढ़ता जा रहा है। गर्मी बढ़ने का आलम यह रहा कि गुरुवार को तापमान बढ़कर 44 डिग्री को पार कर गया। रात के तापमान में भी दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गयी है।
पिछले बीस दिनों से हर दिन बढ़ते दिन के तापमान ने लोगों को घरों में सिमट जाने को विवश हैं। गुरुवार को भीषण गर्मी का आलम यह रहा कि सुबह के आठ बजे ही तापमान बढ़कर 36 डिग्री तक पहुंच गया। दिन के 11.30 बजे तापमान 40 डिग्री रिकार्ड किया गया। एक बजे तापमान बढ़ कर 44 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तेज धूप व गर्म हवाओं के थपेड़ों के बीच लोगों ने घरों से निकलने में परहेज किया। शहर की सड़कों पर अन्य दिनों की अपेक्षा कम भीड़ दिखी। जिला मुख्यालय से लेकर सुदूर ग्रामीण इलाकों तक में एक समान स्थिति देखी गयी। मौसम विभाग के सूत्रों ने बताया कि सिर्फ दिन ही नहीं, रात के तापमान में भी वृद्धि दर्ज की गयी है। अगले सप्ताह तक तापमान में बढ़ोत्तरी जारी रहेगा और यह 45 डिग्री तक पहुंच जाएगा। साथ ही अगले सप्ताह तक तापमान 44 व 46 डिग्री के बीच बना रहेगा।
इनसेट
बिजली की कटौती बनी समस्या
गोपालगंज : जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के दावों को झटका लगा है। गर्मी बढ़ने के साथ विद्युत विभाग के तमाम दावों की पोल खुलने लगी है। स्थित यह है कि गांवों को चौबीस में 8 घंटे की बिजली बमुश्किल मिल पा रही है। जिला मुख्यालय में विद्युत सप्लाई के लिए बांटे गये दो फीडर में एक फीडर टू में बिजली 10 घंटे से अधिक नहीं रह पा रही है। जबकि फीडर वन में बिजली की उपलब्धता 12 से 14 घंटे है।