तापमान में बढ़ोतरी जारी, 43 डिग्री तक पहुंचा
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मई माह में गर्मी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। हर दिन तापमान में हो रही बढ़ो
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : मई माह में गर्मी दिनोंदिन बढ़ती जा रही है। हर दिन तापमान में हो रही बढ़ोतरी के कारण आम लोगों का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। सोमवार को तापमान 42 डिग्री तक पहुंचा तो लोगों को उम्मीद थी कि इसमें कमी आएगी। मंगलवार को तापमान और चढ़कर 43 डिग्री तक पहुंच गया। रात में भी गर्मी बढ़ी है। उमस के बीच पिछले चार दिन से गर्म होते मौसम ने एक बार फिर आम लोगों को घरों में सिमट कर रहने को विवश कर दिया है। दिन व रात के तापमान में हुई वृद्धि के कारण समस्याएं बढ़ती जा रही है।
अप्रैल माह के अंतिम सप्ताह तक तापमान में कमी दिख रही थी। गर्मी कम होने के कारण आम लोगों में इस बात की उम्मीद जगी कि चलो अब भीषण गर्मी से मुक्ति मिली। लेकिन शनिवार को अचानक मौसम ने फिर करवट लिया। तेज धूप के बीच दिन के दस बजे ही घर से निकलना मुश्किल हो गया। उपर से भारी उमस ने लोगों को बेहाल कर दिया। हद दिन बढ़ते तापमान के बीच मंगलवार को भीषण गर्मी का आलम यह रहा कि सुबह के आठ बजे ही तापमान बढ़कर 36 डिग्री तक पहुंच गया। दिन के 11 बजे तापमान 39 डिग्री रिकार्ड किया गया।
बिजली की कमी समस्या
गोपालगंज : जिला मुख्यालय को 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने के दावे पूरी तरह से फेल हो गए हैं। गर्मी बढ़ने के साथ विद्युत विभाग के तमाम दावों की पोल खुलने लगी है। स्थित यह है कि गांवों को चौबीस में 12 से 14 घंटे की बिजली बमुश्किल मिल पा रही है। जिला मुख्यालय में विद्युत सप्लाई के लिए बांटे गये दो फीडर में भी 14 से 16 घंटे ही बिजली लोगों को मिल पा रही है।