लीड : कड़ी सुरक्षा के बीच आज पड़ेंगे वोट
:: पंचायत उप चुनाव :: - मुखिया व सरपंच सहित 13 पदों के पड़ेंगे वोट - प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त संख
:: पंचायत उप चुनाव ::
- मुखिया व सरपंच सहित 13 पदों के पड़ेंगे वोट
- प्रत्येक बूथ पर पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बल तैनात
- जोनल पदाधिकारी व दंडाधिकारी भी रहेंगे तैनात
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : रविवार को होने वाले 13 पदों के लिए पंचायत उप चुनाव की सभी तैयारियां पूरी कर ली गयी है। चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए भारी संख्या में सुरक्षा बलों को तैनात किया गया है। चुनाव के दौरान जोनल पदाधिकारी तथा दंडाधिकारियों के साथ ही पुलिस पदाधिकारियों को भी तैनात किया गया है। चुनाव में किसी भी तरह की गड़बड़ी को रोकने के लिए पुख्ता प्रबंध किये गये हैं।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उपचुनाव को जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। अलावा इसके प्रत्येक प्रखंड में एक जोन व एक सबजोन बनाए गये हैं। इस प्रकार आठ प्रखंड में होने वाले चुनाव को लेकर आठ जोन व इतने ही सबजोन बनाये गये हैं। अलावा इसके 28 गश्ती दल दंडाधिकारियों को भी चुनाव के दौरान तैनात किया गया है। उप चुनाव के लिए 50 भवनों में कुल 77 मतदान केन्द्र बनाये गये हैं। प्रशासनिक स्तर पर प्रत्येक मतदान केन्द्र पर कड़ी चौकसी के लिए पर्याप्त संख्या में सुरक्षा बलों की भी तैनाती की गयी है। ताकि बूथ पर मतदान के दौरान पर्याप्त शांति कायम रखी जा सके। चुनाव कार्य में 308 कर्मियों को भी तैनात किया गया है। अलावा इसके तीस कर्मियों को सुरक्षित के रूप में रखा गया है। ज्ञातव्य है कि मुखिया के दो, सरपंच के दो, पंचायत समिति के दो, वार्ड सदस्य के छह तथा पंच के एक पद के लिए रविवार को मतदान कराया जाएगा।
इनसेट
सोमवार को होगी मतों की गणना
गोपालगंज : पंचायत उप चुनाव रविवार को होने के बाद मतों की गणना का कार्य सोमवार को कराया जाएगा। इसी दिन दोपहर बाद तक सभी 13 पदों के लिए चुनाव परिणाम आ जाएगा।
इनसेट
चुनाव को लेकर पांच प्रेक्षक तैनात
गोपालगंज : पंचायत उप चुनाव पर पांच प्रेक्षकों की नजर रहेगी। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उप चुनाव को लेकर पंचदेवरी प्रखंड के लिए एडीएम जयनारायण झा, मांझा प्रखंड के लिए एडीएम विभागीय जांच हेमंत नाथ देव, बैकुंठपुर प्रखंड के लिए जिला आपूर्ति पदाधिकारी कृष्ण मोहन प्रसाद, बरौली के लिए उप विकास आयुक्त सुनील कुमार, भोरे प्रखंड के लिए डीटीओ दीवाकर झा तथा उंचकागांव प्रखड के लिए हथुआ के डीसीएलआर नुरुल एन को चुनाव प्रेक्षक बनाया गया है।
इनसेट
कहां कितने गश्ती दल दंडाधिकारी
गोपालगंज : पंचायत उप चुनाव को लेकर कुल 28 गश्ती दल दंडाधिकारी तैनात किये गये हैं। इनमें पंचदेवरी में चार, मांझा में छह, बैकुंठपुर में पांच, बरौली में पांच, भोरे में तीन, हथुआ में एक, उंचकागांव में तीन तथा सिधवलिया में एक गश्ती दल दंडाधिकारी शामिल हैं।
इनसेट
भवन व बूथों की स्थिति
प्रखंड बूथ भवन
पंचदेवरी 15 10
मांझा 16 09
बैकुंठपुर 14 09
बरौली 12 09
भोरे 10 07
उंचकागांव 08 06
हथुआ 01 01
सिधवलिया 01 01
कुल 77 50