किसान विरोधी है प्रदेश सरकार: भाजपा
जागरण संवाददाता,गोपालगंज: प्रदेश की सरकार को किसान विरोधी बताते हुए मंगलवार को शहर के अंबेडकर चौक के
जागरण संवाददाता,गोपालगंज: प्रदेश की सरकार को किसान विरोधी बताते हुए मंगलवार को शहर के अंबेडकर चौक के समीप भाजपा कार्यकर्ताओं ने धरना दिया। धरना को संबोधित करते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष ब्रहमानंद राय ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों को ठगने का काम कर रही है। किसान खाद से लेकर बीज के लिए परेशान हैं। इन्हें न तो समय से खाद मिल रहा है और ना ही बीज। उन्होंने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार किसानों के नाम पर कई योजनाएं चलाने की बात कर रहे हैं। लेकिन ये सभी योजनाएं लूटखसोट की शिकार बन गयी हैं। डीजल अनुदान के लिए किसान भटक रहे हैं। फिर भी इन्हें डीजल अनुदान की राशि नहीं मिल रही है। उन्होंने कहा कि गन्ना किसानों को भी वाजिब कीमत नहीं दी जा रही है। पिछले सत्र में मिलों में गन्ना गिराने वाले किसान आज तक गन्ने का भुगतान नहीं किया गया। धरना को पूर्व जिलाध्यक्ष अनूप कुमार श्रीवास्तव, नगर भाजपा अध्यक्ष दीपक कुमार दीपू आदि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।