हाईटेक बने छठ घाट, हर ओर दिखी रोशनी
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : पिछले वर्ष की तरह इस साल भी शहर में बने तमाम छठ घाट हाईटेक दिखे। हर तरफ
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : पिछले वर्ष की तरह इस साल भी शहर में बने तमाम छठ घाट हाईटेक दिखे। हर तरफ पर्याप्त रोशनी व झालरों की जगमग के कारण एक बार दीपावली की याद आ गई। घाटों पर बनाए गए गेट इस बार आकर्षण के केन्द्र रहे। लोगों ने भी इस साल घाटों पर की गई प्रकाश की व्यवस्था की जमकर सराहना की।
इस वर्ष काफी देर से छठ पूजा को लेकर नगर परिषद ने तैयारी शुरू की थी। बावजूद इसके कम समय में भी कई घाटों पर अच्छे इंतजाम देखने को मिला। बुधवार को अस्ताचलगामी भगवान भास्कर को अर्घ्य देने के लिए जब व्रती महिलाएं घाटों पर पहुंची तो वहां प्रकाश की व्यवस्था देखकर व्रती महिलाओं के अलावा उनके परिवारों के लोग भी खुश थे। अधिकांश घाटों पर लटकाए गए चाइनीज झालर से फूट रही रोशनी ने दीपावली की याद दिला दी। अधिकांश घाटों पर व्रतियों के आने जाने के लिए बनाए गए मुख्य मार्ग पर भव्य गेट बनाए गए थे। इसके अलावा लाइट का समूचित प्रबंध हर किसी को अपनी ओर आकर्षित कर रहा था। नगर के हजियापुर, प्रखंड कार्यालय परिसर, नोनिया टोली, पुरानी चौक सहित तमाम घाटों पर झालरों की व्यवस्था की गई थी। बुधवार की शाम से लेकर गुरुवार की सुबह तक घाटों पर प्रकाश की समूचित व्यवस्था की लोगों ने तारीफ भी की।
ज्ञातव्य है कि गत वर्ष भी छठ घाट पर पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था की गयी थी।