जलजमाव के विरुद्ध ग्रामीणों का प्रदर्शन
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : बरौली प्रखंड के बतरदेह गांव में जलजमाव की समस्या से आजिज ग्रामीणों ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट गेट पर जमकर प्रदर्शन व नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद ग्रामीण जिलाधिकारी के जनता दरबार में पहुंचे तथा अपनी समस्याओं के बारे में उन्हें जानकारी दी। ग्रामीणों की बातों को सुनने के बाद जिलाधिकारी ने बंद पड़े पुल के मुहाने को खोलने का निर्देश दिया।
गुरुवार को प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि बरौली प्रखंड के बतरदेह चंवर में बारिश का पानी भर गया है। जिसके कारण कई एकड़ फसल पानी में डूब गई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि अगर पानी नहीं निकाला गया तो सैकड़ों किसानों की फसल नष्ट हो जाएगी। ग्रामीणों ने पिछले कई महीने से बंद पुल के मुहाने को खोले जाने की मांग की। जिलाधिकारी ने ग्रामीणों की बातों को सुनने के बाद बंद पुल के मुहाने को खोलने का निर्देश दिया। प्रदर्शन में संजय कुमार, बलिराम शर्मा, राधेश्याम सहनी, भगवान साह व बलिराम तिवारी सहित सैकड़ों ग्रामीण शामिल थे।