देश के लिए नहीं आये अच्छे दिन : मंत्री
जागरण न्यूज नेटवर्क, गोपालगंज : केन्द्र की मोदी सरकार टीवी के कमाल का परिणाम था, लेकिन इस सरकार की अब उल्टी गिनती शुरू हो गई है। महागठबंधन अगर लोकसभा चुनाव के पहले हुआ होता तो भाजपा बिहार में हासिए पर आ गई होती। बिहार में हुए विकास पर अन्य देश के लोग शोध कर रहे है। देश के लिए अच्छे दिन तो नहीं आए। लेकिन बिहार में 2015 में अच्छा दिन आयेगा।
बुधवार को बिहार सरकार के पीएचइडी मंत्री महाचंद्र प्रसाद सिंह कटेया नगर पंचायत अध्यक्ष राजेश कुमार आवास पर एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि 2005 में जब नीतीश कुमार की सरकार बनी तो उस समय बिहार में विकास अव्यवस्थित था। उसके बाद नीतीश कुमार के नेतृत्व में सड़क, बिजली तथा शिक्षा सहित हर क्षेत्र में विकास हुआ। देश की जनता भी इस बात को समझ चुकी है। जनता अब किसी तरह के झांसे में आने वाली नहीं है। उन्होंने नगर पंचायत अध्यक्ष की मांग पर नगर में शुद्ध पेयजल हेतु नगर विकास विभाग से जलमीनार लगवाने की बात कही। इसके पूर्व उन्होंने प्रखंड के अमहीं बांके में नव निर्मित पुस्तकालय का उद्घाटन किया एवं प्रसिद्ध साहित्यकार स्व. लक्ष्मण पाठक प्रदीप के मूर्ति पर माल्यार्पण किया। मौके पर पूर्व विधायक किरण राय, जिला परिषद उपाध्यक्ष अमित कुमार राय, मुकुल राय, सुरेंद्र पाठक, विश्वनाथ गुप्त, आनंद राय, पूर्व मुखिया धर्मदेव तिवारी, बरकत हुसैन सहित भारी संख्या में लोग मौजूद थे।
उधर मीरगंज के जयप्रकाश चौक पर पीएचइडी मंत्री ने राजद, कांग्रेस तथा जदयू कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। समारोह के दौरान चौराहे पर अवस्थित राजमंगल मिश्र के प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। इस मौके पर आनंद कुमार यादव, प्रभुनाथ यादव, अधिवक्ता सीबी जान, गुड्डू राय, बुला तिवारी, पिंटू कुमार गुप्ता, सनी गुप्ता आदि मौजूद थे।