तस्करी को ले जाए जा रहे मवेशी बरामद, तीन गिरफ्तार
संवाद सूत्र,भोरे(गोपालगंज): भोरे-मीरगंज पथ पर लखरावं बगीचे के समीप शुक्रवार की सुबह बजरंग दल और श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं ने मवेशी लदे दो पिकअप वैन को पकड़ा। इस बीच सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मवेशियों को बरामद कर पिकअप वैन में मौजूद तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। बताया जाता है कि भोरे-मीरगंज पथ से होकर पशु तस्करी किये जाने की भनक बजरंग दल और श्रीराम सेना के कार्यकर्ताओं को लगी थी। जिस पर कार्यकर्ता इस पथ से गुजरने वाले वाहनों पर नजर रखने लगे। इसी बीच शुक्रवार की सुबह करीब तीन बजे भोरे के लखरावं बगीचे के पास संदेह के आधार पर कार्यकर्ताओं ने दो पिकअप वैन को रोक लिया। वैन की जांच करने पर इस पर आठ गाय और छह बछड़ा पाये गए। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने पिकअप वैन पर सवार तीन लोगों को भी पकड़ दिया। कार्यकर्ताओं से सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने मवेशी को बरामद कर तीनों लोग को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किये गए आरोपी यूपी के फाजिलनगर निवासी अमजद खान, पुतुल सिंह व अजय प्रसाद बताये जाते हैं। पिकअप को पकड़ने वालों में मुकुल दुबे, हिमांशु तिवारी, पंकज मिश्र, धनजीत तिवारी, राजेश कुमार, तनू टाइगर, अमित तिवारी, अमर चौबे सहित अन्य कार्यकर्ता शामिल रहे।