जगीरी टोला गांव के सौ घर नदी में विलीन
जागरण संवाददाता, गोपालगंज : सदर प्रखंड के दियारा क्षेत्र के जगीरी टोला पंचायत में गंडक नदी ने भारी तबाही मचाई है। यहां अबतक एक सौ से ज्यादा घर गंडक नदी में विलीन हो चुका है। लोगों गंडक के इस रूख को देखकर काफी दहशत में है। लगातार नदी के बढ़ते जलस्तर को देखकर ग्रामीण गांव छोड़कर पलायन करने को विवश हैं। जबकि मेंहदिया में लोग अपने हाथ से अपना घर तोड़ने को मजबूर है।
नदी की जलस्तर बढ़ने के बाद जगीरी टोला गांव के लोग भारी दहशत में हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर जलस्तर इसी प्रकार बढ़ता रहा तो लोगों को गांव छोड़कर अन्यत्र जाने के सिवाय दूसरा कोई उपाय नहीं रह जाएगा। वैसे इस पंचायत के चार गांवों का सड़क संपर्क करीब पंद्रह दिनों से टूट चुका है। जिसके बाद गंडक नदी में तेजी से पानी बढ़ने से गांव के लोग दहशत में हैं।
प्रशासन पर सौतेले व्यवहार का आरोप
गोपालगंज : सदर प्रखंड के जगीरीटोला पंचायत के लोगों का अरोप है कि प्रशासन उनके साथ सौतेला व्यवहार कर रहा है। बचाव कार्य के नाम पर महज खानापूर्ति की जा रही है। वहीं प्रशासनिक सूत्रों ने बताया की जिला प्रशासन द्वारा राहत के लिए मेडिकल टीम को भी भेजा गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि लोग अपने नाव से इस पार से उस पार जा रहे है। खाने पीने की व्यवस्था भी प्रशासनिक स्तर पर नहीं की गयी है।